मुंबई, 22 मई। फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा अक्सर सोशल मीडिया के जरिए विभिन्न मुद्दों पर अपनी विचारधारा साझा करते हैं। हाल ही में उन्होंने एक पोस्ट के माध्यम से एक हैरान करने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि वह दिवंगत अमेरिकी सिंगर और डांसर माइकल जैक्सन से 'नफरत' करते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राम गोपाल ने माइकल जैक्सन पर एक गहन और भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत की, "मुझे माइकल से नफरत है"।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "माइकल जैक्सन की किसी भी फिल्म को देखने के बाद, मैं हमेशा 25 जून 2009 के उस दर्दनाक दिन की यादों में खो जाता हूं। उस रात मैंने देर तक सोया था। सुबह उठकर जब मैंने टीवी पर देखा, तो समाचार में चल रहा था - 'माइकल जैक्सन नहीं रहे।' कुछ समय के लिए तो मुझे लगा कि यह किसी बुरे सपने की तरह है। लेकिन समाचार लगातार चल रही थी और यह सच था।"
इसके अलावा, उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग के दिनों की भी बातें साझा कीं, जब 2 जनवरी 1984 को एक दोस्त उन्हें विजयवाड़ा के एक अंधेरे वीडियो पार्लर में ले गया, जहाँ उन्होंने माइकल जैक्सन का “थ्रिलर” वीडियो देखा। उन्होंने लिखा, "यह सिर्फ एक गाना या डांस नहीं था, बल्कि एक अनुभव था। माइकल का डांस, ऊर्जा और उनकी स्क्रीन पर मौजूदगी असाधारण थी। मुझे लगता था कि वे इंसान नहीं, बल्कि ईश्वर हैं। 'बीट इट', 'बिली जीन', 'स्मूथ क्रिमिनल', और 'ब्लैक ऑर व्हाइट' जैसे वीडियोज मेरे लिए बाइबिल की तरह महत्वपूर्ण रहे। मेरे फिल्म निर्माण के समय भी माइकल के वीडियोज ने मुझे प्रेरित किया।"
राम गोपाल ने यह भी कहा कि विवादों का उन पर कभी असर नहीं पड़ा। उनके लिए माइकल एक आकर्षण का केंद्र थे। लेकिन उनकी मृत्यु ने उनके दिल को बहुत दुखी किया। उन्होंने कहा, "मैं उनसे नफरत करता हूं क्योंकि उन्होंने यह साबित कर दिया कि वे भी एक इंसान थे। उन्हें भी ऑक्सीजन और खून की आवश्यकता थी। उनका दिल भी रुक सकता था।"
फिर भी, माइकल के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उनसे इतना प्यार करता हूं कि शब्दों में नहीं कह सकता। मुझे विश्वास है कि माइकल अब आकाशगंगाओं में मूनवॉक कर रहे होंगे।"