राजीव गांधी की पुण्यतिथि: राहुल, प्रियंका, सोनिया गांधी और खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

राजीव गांधी की पुण्यतिथि: राहुल, प्रियंका, सोनिया गांधी और खड़गे ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 21 मई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उनकी समाधि 'वीर भूमि' पर कांग्रेस के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई प्रमुख नेता वीर भूमि पर पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी वहां जाकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने भी इस अवसर पर राजीव गांधी की समाधि पर फूल चढ़ाकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के नेता जगदीश टाइटलर और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी वीर भूमि जाकर राजीव गांधी को याद किया। इसके साथ ही, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजय कुमार लल्लू और पी चितंबरम ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजीव गांधी को याद करते हुए एक पोस्ट में लिखा कि सूचना क्रांति और पंचायती राज के प्रवर्तक राजीव गांधी को उनके बलिदान दिवस पर नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत को सशक्त बनाने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भी लिखा, "पंचायती राज और सूचना क्रांति के जनक, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।"

केरल सरकार में मंत्री रमेश चेन्निथला ने लिखा, "राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और विचार हमेशा कांग्रेस को प्रेरित करते रहेंगे। राजीव जी मेरे लिए प्रेरणा थे और मैं जो भी हूं, वह उनके नेतृत्व का परिणाम है। काश वह आज हमारे बीच होते; तो हमारी किस्मत कुछ और होती। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब मैं उन्हें याद न करूं।"