मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से एक नाबालिग छात्रा के कत्ल का बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। सत्रह वर्षीय यह छात्रा 30 सितंबर की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से रवाना हुई थी, किंतु इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। घर-वालों की सूचना पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर उसकी खोजबीन आरंभ कर दी थी। लगभग छह दिनों के लंबे प्रयासों के बाद, पुलिस ने मलावर थाना क्षेत्र के जंगलों से उस छात्रा का शव खोज निकाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका का सिर उसके धड़ से पूरी तरह अलग किया गया था। मौके से एक खून से सना हुआ चाकू और मृतका का बस्ता भी हाथ लगा है। शव मिलने के बाद पुलिस अब इस पूरे मामले की परतें उधेड़ने के वास्ते कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तमाम साक्ष्यों को आपस में पिरोने का प्रयास कर रही है।
सात दिन से लापता थी किशोरी
किशोरी के परिजनों ने 30 सितंबर को उसके लापता होने की शिकायत राजगढ़ कोतवाली में दर्ज कराई थी। परिवार ने एक युवक पर उसे अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। जांच में पुलिस को दोनों के बीच पहले से संपर्क और संबंध होने की जानकारी मिली। सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सुरागों की मदद से पुलिस ने किशोरी की गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच में सामने आया कि वह युवक के साथ बाइक से ब्यावरा की तरफ गई थी।
संदिग्ध युवक की हादसे में मौत
जांच के दौरान पुलिस को मलावर थाना क्षेत्र के शमशेरपुरा रोड के जंगल से जुड़े इलाके में सुराग मिला। टीम वहां पहुंची तो किशोरी का करीब एक सप्ताह पुराना शव बरामद हुआ। अब पुलिस इस पूरी घटना की तह तक पहुँचने के लिए कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी उपलब्ध सबूतों को आपस में जोड़ रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस की जांच में जिस युवक पर हत्या का संदेह सामने आया, उसकी तलाश के दौरान पता चला कि 30 सितंबर को ही मलावर थाना क्षेत्र में उसकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड की जांच शुरू की। इसी डिजिटल जांच से पुलिस को जंगल और किशोरी की गुमशुदगी के बीच महत्वपूर्ण कड़ियां मिलने की बात सामने आई है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक के एक रिश्तेदार से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि युवक किशोरी को जंगल की तरफ ले गया था और बाद में उसने घटना की जानकारी रिश्तेदार को दी थी। हालांकि इस दावे की पुष्टि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने नहीं की है। पुलिस फिलहाल कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।पुलिस ने शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही है, लेकिन हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार है। चूंकि मुख्य संदिग्ध की मौत हो चुकी है, ऐसे में डिजिटल और वैज्ञानिक साक्ष्य इस मामले की जांच में अहम भूमिका निभा रहे हैं।