राजस्थान: शॉर्ट सर्किट से लगी भयंकर आग, कई परिवारों का घर हुआ खाक

राजस्थान: शॉर्ट सर्किट से लगी भयंकर आग, कई परिवारों का घर हुआ खाक

जयपुर, 23 मई। राजस्थान के धौलपुर से एक गंभीर घटना की सूचना मिली है, जहां शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे अनेक परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में लोगों का अनाज व अन्य कीमती सामान पूरी तरह से नष्ट हो गया। जैसे ही शॉर्ट सर्किट की जानकारी मिली, ग्रामीणों ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचित किया ताकि गांव में बिजली की आपूर्ति रोकी जा सके और बड़े हादसे से बचा जा सके। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकर, सबमर्सिबल पंप और बाल्टियों की सहायता से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तेज हवाओं के बावजूद ग्रामीणों की सक्रियता से आग को पूरे गांव में फैलने से रोक लिया गया। बाद में दमकल की टीम आग पर काबू पाने में सफल रही, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।

आगजनी में राजन सिंह, गंगा सिंह, और मुन्ना जाट के लगभग 40 क्विंटल गेहूं, 120 क्विंटल भूसा, 2 झोंपड़ी, 400 फूंस के गट्ठर, 100 किलो पानी की लेज़म, 50 पाइपलाइन तथा 5 चारपाई सहित घरेलू सामान क्षति ग्रस्त हो गए। पीड़ित परिवारों का पूरा सामान, कीमती दस्तावेज, अनाज और पशुओं का चारा भी इस आग में जलकर राख हो गया।

प्रारंभिक आकलनों के अनुसार, इस शॉर्ट सर्किट के कारण प्रभावित परिवारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से चर्चा की और नुकसान का आकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी। इसके साथ ही, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्कालीक आर्थिक सहायता और उपयुक्त मुआवजा प्रदान किया जाए।