जयपुर, 20 मई। राजस्थान के भिवाड़ी में एक मां ने कथित तौर पर अपनी आठ माह की बेटी को एसिड पिला दिया, जिससे अलवर में उपचार के दौरान बच्ची की मृत्यु हो गई।
शिकायत के अनुसार, यह घटना महिला के मायके जाने की इच्छा को लेकर हुए विवाद के चलते हुई।
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी की लेबर कॉलोनी में मां द्वारा एसिड पिलाने के बाद बच्ची की इलाज के दौरान जान चली गई।
बच्ची के पिता ने शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोप के मुताबिक, यह घटना सोमवार को दोपहर में घटी जब बच्ची के पिता मोहित कार्य पर गए थे।
भिवाड़ी की एक सौर ऊर्जा कंपनी में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत मोहित ने बताया कि उनकी पत्नी सपना मायके जाने की जिद कर रही थी, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के बाद, सपना ने अपने किराए के घर में बच्ची को अकेले देखकर उसे एसिड पीने के लिए मजबूर किया।
मोहित ने कहा कि उनकी बहन ने बच्ची की गंभीर हालत देखकर उन्हें सूचित किया।
बच्ची को पहले भिवाड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर बेहतर चिकित्सा के लिए अलवर भेजा गया।
उन्होंने आगे बताया कि जब बच्ची को अलवर ले जाया जा रहा था, तब उनकी पत्नी ने एसिड पिलाने की बात कबूल की।
बुधवार को, घटना के दो दिन बाद, बच्ची का उपचार के दौरान निधन हो गया।
मोहित ने मांग की कि उनकी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और कहा, "वह मेरी एकमात्र बेटी थी।"
अलवर मेडिकल कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. चारू गर्ग ने कहा कि बच्ची को 18 मई को शाम करीब 7:30 बजे गंभीरावस्था में अस्पताल में लाया गया था।
एसिड के कारण बच्ची के कई आंतरिक अंग गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे, उसकी श्वासनली और भोजन नली पर गंभीर प्रभाव पड़ा और लगातार आंतरिक रक्तस्राव हुआ। डॉ. गर्ग ने बताया कि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद बच्ची को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।