राजद नेता रितु जायसवाल भाजपा में होंगी शामिल, 26 मई को लेंगी सदस्यता

राजद नेता रितु जायसवाल भाजपा में होंगी शामिल, 26 मई को लेंगी सदस्यता

पटना, 24 मई। बिहार में राजद के महिला प्रकोष्ठ की पूर्व अध्यक्ष रितु जायसवाल भाजपा में शामिल होने वाली हैं। उनका भाजपा में जुड़ने का कार्यक्रम 26 मई को होगा। रितु जायसवाल ने सीतामढ़ी के सोनबरसा ब्लॉक की सिंहवाहिनी पंचायत की मुखिया के रूप में अपने कार्यों से राजनीति में एक खास पहचान बनाई है। पहले वे नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड में थीं, उसके बाद लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हुईं, जहाँ उन्हें कई महत्वपूर्ण पद दिए गए, जिसमें महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षी भी शामिल है। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की सूचना सोशल मीडिया पर साझा की है। 26 मई को पटना के भाजपा कार्यालय के अटल सभागार में दोपहर 12:19 बजे से 1:09 बजे तक एक साधारण कार्यक्रम में वे पार्टी की सदस्यता लेंगी। इस कार्यक्रम में किसी भी प्रकार के भव्यता या वाहनों का काफिला नहीं होगा।

रितु जायसवाल ने कहा कि वर्तमान में देश कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रधानमंत्री भी ऊर्जा और ईंधन के संरक्षण पर जोर दे चुके हैं। ऐसे वक्त में उन्हें लगता है कि अनावश्यक भीड़ और दिखावे में शामिल होना सही नहीं है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि जो लोग कहीं से भी आ रहे हैं, वे अपने आशीर्वाद और समर्थन उसी स्थान से दें। यदि वे कार्यक्रम में आने का सोचते हैं तो सार्वजनिक परिवहन या शेयरिंग वाहनों का इस्तेमाल करें, ताकि हम सभी मिलकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दे सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि पटना और आसपास के लोग जो बिना अतिरिक्त ईंधन खर्च किए कार्यक्रम स्थल तक पहुँच सकते हैं, उन्हें आकर अपना समर्थन और शुभकामनाएँ देने के लिए आमंत्रित किया है। उल्लेखनीय है कि रितु जायसवाल का राजद से रिश्ता बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान ही खत्म हो गया था। वे 2020 में परिहार सीट से बेहद कम वोटों के अंतर से हार गई थीं।

हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इस निर्णय से नाराज होकर रितु ने बगावती रवैया अपनाया और परिहार सीट से निर्दलीय चुनाव में हिस्सा लिया। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उन्होंने 60 हजार से ज्यादा वोट प्राप्त किए और राजद का उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद राजद ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।