नई दिल्ली, 22 मई। समाज सुधारक और ब्रह्म समाज के संस्थापक राजा राममोहन राय की जयंती आज मनाई जा रही है। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजा राममोहन राय को भारतीय नवजागरण के एक प्रमुख नेता और समाज सुधारक मानते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "राजा राममोहन राय ने सत्य, तर्क, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाकर भारतीय समाज में नई जागरूकता लाई। उन्होंने नारी शिक्षा, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता की वकालत करते हुए बताया कि किसी भी देश की वास्तविक प्रगति तभी होगी जब हर वर्ग को सम्मान और अवसर मिले।"
उन्होंने आगे कहा कि "राजा राममोहन राय ने भारतीय संस्कृति और आधुनिक विचारों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए ऐसे भारत का सपना देखा, जो विवेकशील, प्रगतिशील और मानवीय मूल्यों से भरा हो। उनके विचारों ने भारतीय समाज में नवजागरण की चेतना का संचार किया, जिसने सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों को नया दिशा दी।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर लिखा, "भारतीय नवजागरण के अग्रदूत राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें नमन। राजा राममोहन राय जी ने ब्रह्म समाज की स्थापना करके सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और भेदभाव के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। शिक्षा, सामाजिक सुधार और प्रशासन में उनके योगदान ने आधुनिक भारत की नींव को सुदृढ़ किया। राजा राममोहन राय जी के विचार और आदर्श हमेशा राष्ट्र निर्माण और समाज जागृति के मार्ग को रोशन करते रहेंगे।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "राजा राममोहन राय ने समाज को अंधविश्वास से विवेक की दिशा में और कुरीतियों से प्रगतिकामी सोच की ओर अग्रसर किया। आधुनिक शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान हमेशा देश को प्रेरित करेगा।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजा राममोहन राय को श्रद्धांजलि देते हुए लिखी गई पोस्ट में कहा, "सती प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ उठाई गई उनकी आवाज ने समाज को प्रगति की नई दिशा दिखाई। उनके विचार और सुधार के प्रयास हमें सशक्त और समानता वाले समाज के निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी पोस्ट में लिखा, "भारतीय पुनर्जागरण के अग्रदूत, आधुनिक भारत के जनक और महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें नमन। समाज को रूढ़िवादिता और कुरीतियों से मुक्त करने, महिलाओं के अधिकार और सम्मान को सशक्त करने के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।"