मुंबई, 23 मई। हिंदी फिल्म उद्योग में कई स्टार किड्स ऐसे आए हैं जिनसे उम्मीदें बहुत थीं। दर्शकों को लगता था कि वे अपने माता-पिता की तरह प्रसिद्धि हासिल करेंगे, लेकिन हर किसी की किस्मत अलग होती है। आर्य बब्बर भी ऐसे ही कलाकारों में शामिल हैं। राज बब्बर के बेटे होने के नाते उनके प्रति लोगों की अपेक्षाएं काफी थीं। आर्य ने एक इंटरव्यू में बताया कि वे अपने पिता की तरह एक लंबे और सफल करियर की चाह रखते थे, लेकिन बॉलीवुड में उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद, उन्होंने हार नहीं मानी और फिल्मों, टीवी, थिएटर, पंजाबी सिनेमा और लेखन के माध्यम से खुद को साबित करने की कोशिश की।
आर्य बब्बर का जन्म 24 मई 1981 को मुंबई में हुआ था। उनका बचपन पूरी तरह से फिल्मी परिवेश में गुजरा। उनके पिता राज बब्बर हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं, जबकि उनकी मां नादिरा बब्बर एक प्रमुख थिएटर कलाकार हैं। परिवार के कला के माहौल ने उन्हें भी छोटी उम्र से ही अभिनय की ओर आकर्षित किया। उनकी बड़ी बहन जूही बब्बर भी एक अभिनेत्री हैं, जबकि उनके सौतेले भाई प्रतीक बब्बर भी बॉलीवुड में सक्रिय हैं।
आर्य ने अपने करियर की शुरुआत 2002 में फिल्म 'अब के बरस' से की, जिसमें उनके साथ अमृता राव थीं। दुर्भाग्यवश, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। हालांकि, पहली फिल्म के असफल होने के बावजूद उन्हें काम मिलता रहा। उन्होंने कई फिल्मों में मुख्य और सहायक अभिनेता के तौर पर अपने अभिनय का प्रदर्शन किया, लेकिन उनका करियर उस तरक्की की ओर नहीं बढ़ पाया जिसकी सभी को उम्मीद थी।
इसके बाद आर्य बब्बर 'गुरू', 'रेडी' और 'मटरू की बिजली का मंडोला' जैसी फिल्मों में नजर आए। वे बड़े सितारों के साथ भी काम कर चुके हैं, फिर भी उन्हें इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कठिनाई हुई। धीरे-धीरे उनके करियर में गिरावट आने लगी।
आर्य ने बाद में पंजाबी सिनेमा की ओर रुख किया, जहां उन्हें एक अच्छी पहचान मिली। उनकी फिल्म 'यार अन्मुल्ले' दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई। पंजाबी सिनेमा में उनकी अदाकारी की काफी सराहना हुई।
फिल्मों के अलावा आर्य ने टीवी में भी जबरदस्त काम किया। उन्हें 'बिग बॉस 8' में शामिल किया गया, जहां उनके अनोखे अंदाज को दर्शकों ने देखा। हालांकि, वह शो में लंबे समय तक नहीं रह सके, लेकिन कुछ विवादों के कारण वह चर्चा में बने रहे। विशेष रूप से, अभिनेत्री मिनिषा लांबा पर दिए गए उनके बयानों ने काफी सुर्खियां बटोरीं, जिसके बाद उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी। इसके अलावा, उन्होंने टीवी शो 'संकटमोचन महाबली हनुमान' में रावण का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
आर्य बब्बर को लेखन का भी शौक है और उन्होंने 'पुष्पक विमान' नाम की एक कॉमिक बुक लिखी है।