‘राहुल गांधी को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए’ सीएम विष्णु देव साय की प्रतिक्रिया

‘राहुल गांधी को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए’ सीएम विष्णु देव साय की प्रतिक्रिया

रायपुर, 21 मई। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अपनी मर्यादा का पालन करना चाहिए। पीएम मोदी और अमित शाह के बारे में की गई उनकी टिप्पणियों पर सीएम ने कहा कि आलोचना करना स्वीकार्य है, लेकिन इस तरह के बयान देना अनुचित है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा बोलने से उनके मानसिक स्थिति का पता चलता है।

इस बीच, सुशासन तिहार अभियान के तहत सीएम के लगातार दौरे जारी हैं।

सीएम ने सूरजपुर जिले के रामपुर में सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र, सहायता सामग्री और वित्तीय सहयोग प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब किसी परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपने घर की मंजूरी मिलती है, बुजुर्गों को पेंशन मिलती है, किसानों को कृषि उपकरण और किसान क्रेडिट कार्ड मिलता है, या किसी बहन के स्वयं सहायता समूह को आत्मनिर्भरता की नई ताकत मिलती है, तब यह केवल योजनाओं का लाभ नहीं होता, बल्कि जीवन में नई आशा, आत्मविश्वास और एक बेहतर भविष्य की उम्मीद भी जगती है। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि शासन की सभी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुँचें और हर परिवार के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि का नया अध्याय जुड़ सके।

उन्होंने यह भी कहा कि अब भौतिक दूरियाँ बच्चों के सपनों को बाधित नहीं करेंगी, गांव-गांव में तकनीक के माध्यम से शिक्षा की नई किरण पहुँचेगी।

नीति आयोग द्वारा संचालित ‘मिशन कामयाबी’ के तहत, सीएम ने कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड में ग्राम कुशहा में ‘कामयाबी वीआर वेन’ को हरी झंडी दिखायी। यह पहल दूरस्थ और नेटवर्क रहित क्षेत्रों के छात्रों के लिए अत्याधुनिक डिजिटल शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) जैसी नवीनतम तकनीकों के माध्यम से बच्चे अब किताबों से आगे बढ़कर रोमांचक और तकनीक-आधारित शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। हमारा संकल्प है कि गांव का कोई बच्चा अवसरों और आधुनिक शिक्षा से वंचित न रहे। तकनीक के उपयोग से शिक्षा की नई किरण अब दूरस्थ इलाकों के बच्चों को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करेगी।