मुंबई, 22 मई। अभिनेत्री और निर्देशक पूजा भट्ट ने शुक्रवार को अभिनेता आमिर खान के साथ एक पुराने फोटोशूट की तस्वीर साझा की, जिससे पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने इस तस्वीर की कहानी को लेकर दर्शकों में जिज्ञासा जगाई। इंस्टाग्राम पर साझा की गई फोटो प्रसिद्ध फोटोग्राफर गौतम राजाध्यक्ष द्वारा खींची गई थी, जिसमें पूजा और आमिर सफेद परिधान में दिखाई दे रहे हैं।
तस्वीर साझा करते हुए पूजा ने लिखा, "मैं कभी न कभी इस अचानक लिए गए फोटो के पीछे की पूरी कहानी जरूर बताऊंगी। ये तस्वीरें गौतम राजाध्यक्ष के ह्यूज रोड स्थित बड़े घर की बालकनी में ली गई थीं, लेकिन अभी नहीं...आपको थोड़ी देर इंतजार करना होगा।"
उन्होंने इसके आगे कहा, "इसके पहले मैं आमिर की यादें ताजा करना चाहती हूं और जैसा कि मैंने कई साल पहले कहा था, मैं कहानी साझा करूंगी।"
जानकारी के अनुसार, पूजा भट्ट और आमिर खान ने मिलकर दो फ़िल्में की हैं, जिनमें 'दिल है के मानता नहीं' और 'पहला नशा' शामिल हैं। 1991 में रिलीज हुई 'दिल है के मानता नहीं' को पूजा के पिता महेश भट्ट ने निर्देशित किया था और इसका निर्माण गुलशन कुमार ने किया था। इस फ़िल्म में पूजा और आमिर खान मुख्य भूमिकाओं में थे, और यह बॉक्स ऑफिस पर बेहद सफल रही।
यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म पूजा भट्ट के करियर की सबसे सफल और प्रसिद्ध फिल्मों में से एक थी, जिसने उन्हें मुख्यधारा की फिल्मों में एक प्रमुख अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया और उनके करियर में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई।
वहीं, 'पहला नशा' 1993 की एक बॉलीवुड मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म थी, जिसका निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया। यह उनकी बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। फिल्म में दीपक तिजोरी, पूजा भट्ट, रवीना टंडन और परेश रावल ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई।
इस फिल्म की खास बात यह थी कि इसमें पहली बार आमिर खान और शाहरुख खान एक ही फ्रेम में दिखाई दिए, इसके अलावा सैफ अली खान, जूही चावला और राहुल रॉय ने भी खास भूमिकाएं अदा की थीं।