प्रल्हाद जोशी ने अगोडा और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के कैंसलेशन शुल्क की जांच के दिए निर्देश

प्रल्हाद जोशी ने अगोडा और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के कैंसलेशन शुल्क की जांच के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 23 मई। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने उपभोक्ता मामलों के विभाग और केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) को अगोडा सहित विभिन्न ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स द्वारा उपभोक्ताओं से वसूल किए जा रहे उच्च कैंसलेशन शुल्क की जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि यह देखा जाएगा कि क्या ये प्लेटफॉर्म एयरलाइंस द्वारा लिए गए शुल्क से अधिक कैंसलेशन फीस चार्ज कर रहे हैं या बुकिंग के समय उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दी जा रही है।

जोशी ने अन्य ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स की संचालन प्रणाली की भी जांच करने के लिए निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा, "मैंने उपभोक्ता मामलों के विभाग और सीसीपीए से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि क्या ये प्लेटफॉर्म एयरलाइंस द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक कैंसलेशन चार्ज वसूल कर रहे हैं या बुकिंग के समय सही बताई गई राशि से ज्यादा ले रहे हैं।"

मंत्री ने यह भी बताया कि ऐसी गतिविधियाँ पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के विश्वास को नुकसान पहुंचा सकती हैं। यदि जांच में उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन या अनुचित व्यापारिक गतिविधि का पता चलता है, तो इसे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत अनुचित व्यापार व्यवहार माना जाएगा।

उन्होंने कहा कि सीसीपीए उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और उनके साथ निष्पक्ष तरीके से व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा, जिसमें आवश्यकता पड़ने पर सामूहिक कार्रवाई भी शामिल होगी।

यह मामला तब प्रकाश में आया जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय सचिव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक ऑनलाइन ट्रैवल बुकिंग प्लेटफॉर्म और एयरलाइन द्वारा लिए गए कैंसलेशन शुल्क में भारी अंतर को लेकर सवाल उठाया।

बीजेवाईएम नेता ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्होंने अकासा एयर की टिकट अगोडा के माध्यम से बुक की थी और गलती से मुंबई के बजाय नवी मुंबई का चयन किया था।

उनके पोस्ट के अनुसार, टिकट कैंसिल करने पर अगोडा ने 4,764 रुपए का कैंसलेशन शुल्क दिखाया और केवल 1,571 रुपए का रिफंड बताया। वहीं, आकासा एयर की वेबसाइट पर जाकर उन्होंने पाया कि वहां केवल 299 रुपए की कटौती और 6,076 रुपए का रिफंड दिखाया गया।

बीजेवाईएम नेता ने यह भी कहा कि अकासा एयर के ग्राहक सेवा ने पुष्टि की कि एयरलाइन का कैंसलेशन चार्ज सिर्फ 299 रुपए है और रिफंड अगोडा के माध्यम से ही प्रोसेस किया जाएगा क्योंकि टिकट उसी प्लेटफॉर्म से बुक की गई थी।

उन्होंने इस अंतर पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्लेटफॉर्म एयरलाइन के वास्तविक कैंसलेशन शुल्क से लगभग 15 गुना अधिक वसूल रहा है और बुकिंग पार्टनर्स से अधिक पारदर्शिता की मांग की।