प्रधानमंत्री मोदी को 'एग्रीकोला मेडल' से सम्मानित किया गया, देश में उमंग

प्रधानमंत्री मोदी को 'एग्रीकोला मेडल' से सम्मानित किया गया, देश में उमंग

नई दिल्ली, 21 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा 'एग्रीकोला मेडल' से सम्मानित करने पर पद्मश्री प्राप्तकर्ता भारत भूषण त्यागी ने खुशी जताई है। उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा, "यह पुरस्कार हमारे देश के लिए गर्व की बात है। इस सम्मान के साथ एक नए संकल्प के साथ हम आगे बढ़ने की कल्पना करते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मोटे अनाज को वैश्विक स्तर पर मिले सम्मान के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार। उन्होंने भारत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाया है। 2014 के बाद से किसानों की आय और उनके द्वारा उत्पादित गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।"

त्यागी ने यह भी कहा कि खाद्य सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय पहचान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर काम किया गया है। इसके अलावा कृषि में भी एक मौलिक परिवर्तन हुआ है, जो देशवासियों के लिए गर्व की बात है और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

किसान चाचा-किसान चाची ने भी इस सम्मान पर खुशी व्यक्त की। मुजफ्फरपुर जिले के आनंदपुर गांव की रहने वाली राजकुमारी देवी, जिन्हें पूरे देश में 'किसान चाची' के नाम से जाना जाता है, को 2019 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उनके पति को 2007 में 'किसान श्री' का पुरस्कार मिल चुका है। दोनों को 'किसान चचा-किसान चाची' के तौर पर जाना जाता है।

इस दंपती ने खेती-किसानी के क्षेत्र में कठिनाइयों का सामना करते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाई है और हस्तनिर्मित अचार का सफल व्यवसाय स्थापित कर ग्रामीण उद्यमिता का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है।

प्रधानमंत्री मोदी को एफएओ के सर्वोच्च कृषि सम्मान से नवाजे जाने पर किसान चाचा-किसान चाची ने खुशी जताते हुए कहा कि यह भारत की वैश्विक छवि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने खाद्य सुरक्षा और कृषि में उल्लेखनीय प्रगति की है, और अब दुनिया भारत की कृषि नीतियों को पहचानने लगी है। यह सम्मान भारतीय किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत है।