नई दिल्ली, 24 मई। आईपीएल 2026 के 68वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने शानदार खेल दिखाते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 7 विकेट से पराजित किया। इस जीत के मुख्य श्रेय कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह को जाता है। अय्यर ने शतकीय पारी खेली, जबकि प्रभसिमरन ने 69 रन बनाए। दोनों की ऑरेंज कैप की दौड़ में एंट्री हो गई है।
श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्कों की सहायता से नाबाद 101 रन जड़े हैं। अय्यर ने आईपीएल 2026 में खेले गए 14 मैचों में 168 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए हैं और इस सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 11वें स्थान पर पहुँच गए हैं।
दूसरी ओर, 39 गेंदों पर 69 रन बनाने वाले प्रभसिमरन ऑरेंज कैप की रेस में टॉप 10 में शामिल हो गए हैं। उन्होंने 14 मैचों में 510 रन बनाए हैं। इस समय ऑरेंज कैप गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के पास है, जिन्होंने इस सीजन में 14 मैचों में 157 के स्ट्राइक रेट से 638 रन बनाए हैं।
सुदर्शन के ओपनिंग जोड़ीदार शुभमन गिल 13 मैचों में 616 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 14 मैचों में 606 रन के साथ तीसरे, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी 579 रन बनाकर चौथे स्थान पर हैं। 14 मैचों में 569 रन बनाने वाले ईशान किशन भी इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
पर्पल कैप पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का अधिकार बना हुआ है, जिन्होंने इस सीजन में 14 मैचों में 24 विकेट लिए हैं। गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा भी 14 मैचों में 24 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर हैं। प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज 21 विकेट के साथ तीसरे, जबकि राशिद खान 14 मैचों में 19 विकेट लेकर चौथे स्थान पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा 19 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।