फर्जी कास्टिंग कॉल से फिर मचा हड़कंप, रॉय कपूर फिल्म्स ने जारी की चेतावनी

फर्जी कास्टिंग कॉल से फिर मचा हड़कंप, रॉय कपूर फिल्म्स ने जारी की चेतावनी

मुंबई, 22 मई। फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने का ख्वाब देखने वाले हजारों युवा रोजाना मुंबई आते हैं, लेकिन कुछ लोग इस सपने का फायदा उठाकर धोखाधड़ी करने लगते हैं। सोशल मीडिया के उपयोग में वृद्धि के साथ, फर्जी कास्टिंग कॉल और नकली ऑडिशन का दायरा भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। अक्सर लोगों को बड़े प्रोडक्शन हाउस और प्रमुख बैनरों का नाम लेकर फंसाया जाता है। इसी कड़ी में, मशहूर प्रोडक्शन कंपनी रॉय कपूर फिल्म्स ने एक चेतावनी जारी की है।

हाल ही में, रॉय कपूर फिल्म्स ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक सूचना साझा की। इस पोस्ट में कंपनी ने बताया कि एक विनीत ललिता पांडे नामक व्यक्ति उनके नाम का उपयोग करते हुए झूठी कास्टिंग जानकारी फैला रहा है। इस व्यक्ति का अब कंपनी से कोई रिश्ता नहीं है।

पोस्ट में कहा गया है कि विनीत पांडे पहले कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में कंपनी से जुड़े थे, लेकिन उनकी सेवाएं काफी समय पहले समाप्त कर दी गई थीं। फिर भी, वह बिना अनुमति के कंपनी का नाम इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।

कंपनी ने स्पष्ट किया, "विनीत पांडे को हमारी किसी फिल्म या प्रोजेक्ट का प्रतिनिधित्व करने की इजाजत नहीं है। ये सभी प्रयास पूरी तरह से धोखाधड़ी हैं। उसके द्वारा आयोजित किसी भी ऑडिशन पर न तो निर्माता ध्यान दे रहे हैं और न ही कोई ओटीटी प्लेटफॉर्म उनकी समीक्षा कर रहा है। इस समय उत्तर प्रदेश में हमारी तरफ से किसी भी प्रकार का ऑडिशन जारी नहीं है।"

इस पोस्ट के साथ कंपनी ने कुछ स्क्रीनशॉट भी साझा किए, जिसमें कथित फर्जी कास्टिंग कॉल की जानकारी थी। इन तस्वीरों में लोगों को फिल्म और ऑडिशन के संबंध में संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। कंपनी ने इन्हें साझा कर यह संदेश दिया कि किस प्रकार सोशल मीडिया के माध्यम से नकली ऑडिशन का जाल फैला हुआ है।

रॉय कपूर फिल्म्स ने आगे कहा, "अगर भविष्य में हमें किसी फिल्म के लिए कलाकारों की आवश्यकता होगी, तो जानकारी केवल हमारे आधिकारिक अकाउंट्स पर ही दी जाएगी। लोगों को किसी अज्ञात व्यक्ति, फर्जी संदेश या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा नहीं करना चाहिए।"

कंपनी ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की फीस या पैसे देने से बचने की मांग की।