पेंसिल्वेनिया, 18 मई (आईएएनएस)। भारतीय मूल के इंग्लिश गोल्फर एरॉन राय ने 2026 की पीजीए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया है। एरोनिमिंक गोल्फ क्लब में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से एरॉन राय साल 1919 के बाद से पीजीए चैंपियनशिप जीतने वाले पहले अंग्रेज गोल्फर बन गए हैं। इससे पहले जिम बार्न्स ने यह खिताब जीता था। राय की जीत ने उन्हें गोल्फ के नए मेजर चैंपियंस की सूची में शामिल कर दिया है, और यह इस सीजन के सबसे यादगार फाइनल राउंड प्रदर्शनों में से एक है।
राय ने रविवार के आखिरी राउंड में मामूली बढ़त के साथ खेल की शुरुआत की, लेकिन 17वें होल (पार-3) पर उनकी शानदार 'बर्डी पुट' ने टूर्नामेंट का परिणाम तय कर दिया। उन्हें 68 फुट की कठिन पुट लगानी थी, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक होल में डाल दिया, जिससे वह अपने पीछे चल रहे खिलाड़ियों से तीन शॉट की बढ़त बना गए। इस क्षण ने वॉल्वरहैम्प्टन में जन्मे गोल्फर को 18वें होल की ओर बढ़ते समय काफी राहत दी। वहां उन्होंने शांतिपूर्ण और संयमित 'पार' के साथ अपनी चैंपियनशिप और प्रतिष्ठित 'वानामेकर ट्रॉफी' जीती। राय ने यह सप्ताह 'नाइन-अंडर-पार' पर समाप्त किया और दूसरे स्थान पर बराबरी पर रहे खिलाड़ियों से तीन शॉट आगे रहे।
तीसरे राउंड के बाद क्लबहाउस में सबसे आगे चल रहे एलेक्स स्मैली ने आखिरी राउंड में 'इवन-पार' स्कोर किया और 'सिक्स-अंडर' पर समाप्त किया, जबकि जॉन रहम ने रविवार को 'टू-अंडर' (68) का स्कोर बनाया। राय के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी मैट्टी श्मिड ने निर्णायक दौर में पिछड़ गए और लुडविग आबर्ग और जस्टिन थॉमस के साथ 'फाइव-अंडर' पर तीसरे स्थान पर रहे। 2026 का सीजन राय के लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहा, और उनकी इस खिताबी जीत ने गोल्फ के बड़े मंच पर उनकी नाटकीय वापसी को दर्शाया। जीत के बाद 31 वर्षीय राय ने कहा, "यह सब किसी सपने जैसा लग रहा है। यह सीजन काफी निराशाजनक रहा था, इसलिए आज यहां खड़ा होना मेरी सोच से परे है। गोल्फ एक अद्भुत खेल है। यह आपको विनम्रता, अनुशासन और कड़ी मेहनत सिखाता है, क्योंकि इस खेल में कुछ भी मुफ्त नहीं मिलता। यह जीवन के लिए कई महत्वपूर्ण शिक्षाएं देता है।"