पेनी वोंग की नई दिल्ली यात्रा, क्वाड बैठक में होंगी शामिल

पेनी वोंग की नई दिल्ली यात्रा, क्वाड बैठक में होंगी शामिल

नई दिल्ली, 25 मई - ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग सोमवार को क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता को लेकर नई दिल्ली पहुंचेंगी। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा और सहयोग पर ध्यान बढ़ता जा रहा है। अपनी यात्रा से पहले वोंग ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच क्वाड एक "महत्वपूर्ण साझेदारी" है। उन्होंने बताया, “मैं आज क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने और ऑस्ट्रेलिया-भारत संवाद के लिए भारत आ रही हूं।”

क्वाड के महत्व पर बात करते हुए वोंग ने कहा, “इन अनिश्चित समय में क्वाड एक आवश्यक साझेदारी साबित हो रही है। चार राष्ट्र मिलकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध भविष्य को बनाने में योगदान दे रहे हैं।”

क्वाड में शामिल देश ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका हैं। यह समूह समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, महत्वपूर्ण खनिजों, अवसंरचना विकास, आपदा राहत और नई प्रौद्योगिकियों पर सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

वोंग ने यह भी कहा कि इन चारों देशों ने “समुद्री सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति, अवसंरचना विकास और आपदा राहत में ठोस परिणाम प्राप्त किए हैं।”

वोंग अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर के साथ 17वें ऑस्ट्रेलिया-भारत विदेश मंत्रियों के फ्रेमवर्क संवाद में भी भाग लेंगी। द्विपक्षीय संबंधों की बढ़ती अहमियत को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया और भारत की साझेदारी पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।”

उन्होंने आगे कहा कि एक व्यापक रणनीतिक साझेदार के रूप में दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, रणनीतिक तकनीक, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्रों में एक-दूसरे के साथ सहयोग को और गहरा कर रहे हैं।

वोंग ने कहा, "अल्बनीज़ सरकार ऑस्ट्रेलिया के संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों में निरंतरता लाएगी और क्वाड जैसे नए और मौजूदा गठबंधनों में अधिक सक्रियता से भाग लेगी क्योंकि विश्व अधिक अस्थिर होता जा रहा है।"

विदेश मंत्री एस जयशंकर के निमंत्रण पर वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोसिमितिशु और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 26 मई को होने वाली क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा क्वाड पार्टनर्स के बीच उच्चस्तरीय संवाद को दर्शाती है और उनके मुक्त, समावेशी तथा खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति साझा दृष्टिकोण को मजबूत करती है।

आधिकारिक बयान में कहा गया, "मुक्त और खुले इंडो-पैसिफिक के लिए क्वाड की दृष्टि के अनुसार, विदेश मंत्री 1 जुलाई 2025 को वॉशिंगटन डीसी में हुई चर्चाओं को आगे बढ़ाएंगे। वे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में क्वाड सहयोग को आगे बढ़ाने, वर्तमान पहलों की प्रगति की समीक्षा करने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर नवीनतम घटनाक्रमों पर चर्चा करेंगे।"

बैठक में समुद्री सुरक्षा, मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं, अवसंरचना विकास, महत्वपूर्ण व उभरती तकनीकों, जलवायु कार्रवाई तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही, क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक विकास को मजबूत करने के लिए चल रही क्वाड पहलों पर भी समीक्षा की जाएगी।