पटियाला में रोजगार मेले में 188 युवाओं को मिले नौकरी के प्रस्ताव, पीएम मोदी का किया धन्यवाद

पटियाला में रोजगार मेले में 188 युवाओं को मिले नौकरी के प्रस्ताव, पीएम मोदी का किया धन्यवाद

पटियाला, 23 मई। केंद्र सरकार की रोजगार योजना के तहत पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स (पीएलडब्ल्यू) में 19वां रोजगार मेला आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी नए कर्मचारियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित 188 उम्मीदवारों को नौकरी के प्रस्ताव दिए गए, जिन्हें प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर (पीसीएओ) सुशील कुमार श्रीवास्तव ने वितरित किया। इनमें से 126 उम्मीदवार पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स में अलग-अलग पेशों में काम करेंगे।

इस अवसर पर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने सभी नए युवाओं को बधाई दी और उनसे आग्रह किया कि वे देश के विकास, भारतीय रेलवे और राष्ट्र की उन्नति के लिए समर्पित, ईमानदार और निष्ठावान होकर कार्य करें।

रोजगार मेले में नौकरी पाने वाले उम्मीदवारों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी रही। उनके अनुसार, परीक्षाएं पूरी ईमानदारी से संपन्न हुईं और योग्य उम्मीदवार को उस पद पर रखा गया जिसके लिए उन्होंने आवेदन किया था। उम्मीदवारों ने यह भी कहा कि उन्हें नौकरी पाने के लिए किसी भी तरह की रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं पड़ी और कोई सिफारिश भी नहीं करनी पड़ी।

नवनियुक्त उम्मीदवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें निष्पक्ष तरीके से रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया, जिससे युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल की रितिका दत्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनका चयन पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स (पीएलडब्ल्यू) में हुआ है। उन्होंने कहा कि मैंने 2024 में नौकरी के लिए आवेदन किया था और मैं पीएम मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करती हूं।

उत्तर प्रदेश की शांति चतुर्वेदी ने कहा कि मैंने 2024 में आवेदन किया और आज मेरा चयन डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट के पद पर हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रही है।

उत्तर प्रदेश के विजय दुबे ने बताया कि उनका चयन प्रोडक्शन यूनिट में जेई मैकेनिकल के पद पर हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में पूरी निष्पक्षता बरती गई। मैंने इस पद के लिए 2024 में आवेदन किया था। वहीं, हिमाचल प्रदेश के योगेश ने बताया कि उनका चयन भी जेई मैकेनिकल के पद पर हुआ है और वह बहुत खुश हैं।