दुर्गापुर, 21 मई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के रूप में दुर्गापुर की अपनी पहली यात्रा की है। इस अवसर पर वे सृजनी हॉल में पांच जिलों की उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करने वाले हैं। इसे नई सरकार के प्रशासनिक कार्यों को दिशा देने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री की इस यात्रा को देखते हुए दुर्गापुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को तीन स्तर की सुरक्षा घेरे में रखा गया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व पूरे क्षेत्र में व्यापक तलाशी और सैनिटाइजेशन का काम किया गया।
बैठक में पुरुलिया, बांकुड़ा, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान और पूर्व बर्धमान जिलों के प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। इसमें सांसद, विधायक, जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्त, बीडीओ और अन्य उच्च पदस्थ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों की प्रगति, विभिन्न योजनाओं का कार्यान्वयन और प्रशासनिक समन्वय पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। यह नई सरकार के सत्ता में आने के बाद का दूसरा महत्वपूर्ण प्रशासनिक आयोजन है।
मुख्यमंत्री पहले ही उत्तर बंगाल के जिलों में ऐसी बैठकें कर चुके हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के माध्यम से राज्य सरकार जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना चाहती है। खासकर कानून व्यवस्था को लागू करने, विकास परियोजनाओं की गति को बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
दुर्गापुर पश्चिम बर्धमान जिले का एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहाँ स्टील प्लांट, कोयला खदानें और अन्य उद्योग हैं। इस कारण बैठक में औद्योगिक विकास, बेरोजगारी, बुनियादी सुविधाओं और निवेश आकर्षण पर भी चर्चा संभावित है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, सुरक्षा कारणों से शहर में यातायात को नियंत्रित किया गया है।