कोलकाता, 22 मई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान, पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम साहू को जान से मारने की धमकी मिली है। दुकानदार ने बताया कि उसे पिछले कुछ समय से पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। पीएम मोदी को झालमुड़ी परोसने के कारण रातोंरात वह सुर्खियों में आ गए थे, लेकिन यह लोकप्रियता अब उसके लिए खतरे का सबब बन गई है।
विक्रम साहू ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है, क्योंकि उन्हें शक है कि धमकी देने वाले उनके खिलाफ कोई साजिश बना सकते हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए विक्रम ने कहा कि मुझे पाकिस्तान से बार-बार वीडियो और फोन कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। धमकी देने वाले मुझे बम से उड़ा देने की चेतावनी दे रहे हैं।
उन्होंने आगे बताया कि जिन लोगों ने उनसे वीडियो कॉल की है, वे उन्हें डराने के लिए भयानक इशारे कर रहे हैं और हथियार भी दिखा रहे हैं। उन्हें यह चेतावनी दी गई है कि इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
विक्रम ने कहा कि उसने कई फोन कॉल नहीं उठाए हैं, लेकिन फोन की घंटी लगातार बज रही है। कॉल करने वाले गालियां दे रहे हैं और अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से भी जान से मारने की धमकियां आ रही हैं, जिनमें उनसे पूछा जा रहा है, 'क्या तुम जिंदा हो या मर चुके हो?'
उन्होंने बताया कि मुझे व्हाट्सएप पर भी संदेश मिले हैं, जिसमें कहा गया है कि तुम्हें बम धमाके से मार दिया जाएगा। विक्रम के अनुसार, धमकियों का कोई संदर्भ पीएम के साथ उसके 'जुड़ाव' से नहीं है, लेकिन ये धमकियां तब से आ रही हैं जब पीएम मोदी उसकी दुकान पर आए थे।
विक्रम ने कहा कि कॉल करने वाले पहले धार्मिक अभिवादन करते हैं और फिर उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। वह और उसका परिवार अंतरराष्ट्रीय संचार नंबरों से मिल रही इन धमकियों से काफी परेशान हैं। हालांकि, इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने विक्रम को सुरक्षा भी मुहैया कराई है और उसकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं। जब विक्रम से पूछा गया कि क्या वह पीएम मोदी से कुछ विशेष अनुरोध करना चाहेंगे, तो उसने कहा कि सरकार को उसे पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।