‘परिमला एंड कंपनी’ की शुरुआत चैलेंज से, डायरेक्टर पंडिराज ने कहा- लॉकडाउन में आया आइडिया

‘परिमला एंड कंपनी’ की शुरुआत चैलेंज से, डायरेक्टर पंडिराज ने कहा- लॉकडाउन में आया आइडिया

मुंबई, 22 मई। प्रसिद्ध तमिल फिल्म निर्देशक पंडिराज अपनी नई फिल्म 'परिमला एंड कंपनी' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म कॉमेडी, थ्रिल और पारिवारिक ड्रामा का अनूठा मिश्रण पेश करेगी। पंडिराज ने बातचीत में खुलासा किया कि इस फिल्म का विचार एक चुनौती को पूरा करने से जन्मा था।

उन्होंने बताया, "लॉकडाउन के दौरान मेरे सहायक निर्देशक अश्विन ने मुझे एक ओटीटी प्लेटफॉर्म की वेब सीरीज देखने की सलाह दी। उनका मानना था कि उस कहानी में मुझे रुचि होगी और इससे मुझे नई प्रेरणा मिलेगी। जब मैंने वह वेब सीरीज देखी, तो मेरे दिमाग में एक नया ख्याल आया और मैंने उससे मिलती-जुलती कहानी एक हफ्ते में लिखने की बात की।"

पंडिराज ने आगे कहा, "मेरे असिस्टेंट ने मुझे इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि यदि यह आसान है तो मुझे इसे लिखकर दिखाना चाहिए। मैंने इस चुनौती को स्वीकार किया और कहानी लिखना प्रारंभ किया। धीरे-धीरे, मैंने एक विचार को पूरी स्क्रिप्ट में विकसित किया और उसमें कई नए दृश्य शामिल किए।"

उन्होंने कहा, "जब मैं लिख रहा था, तो मैंने कहानी को और भी रोचक बनाने के लिए उसमें डार्क कॉमेडी का तत्व जोड़ा। यह प्रक्रिया मेरे लिए काफी रोमांचक थी और कहानी ने एक नया मोड़ ले लिया। जब स्क्रिप्ट तैयार हो गई, तो मैंने इसे कुछ समय के लिए एक तरफ रख दिया। इसी बीच, निर्देशक जगन और उनकी सहायक दिव्या ने इसे पढ़ा और उन्हें यह कहानी बहुत पसंद आई, जिसके बाद उन्होंने इसे फिल्म में तब्दील करने का फैसला किया।"

'परिमला एंड कंपनी' पंडिराज की बारहवीं फिल्म है और इसे थ्रिलर-कॉमेडी के तौर पर देखा जा रहा है। इसकी कहानी चेन्नई से शुरू होती है और आगे कोयंबटूर और पलक्कड़ जैसे स्थानों तक जाती है।

फिल्म में जयराम और उर्वशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अतिरिक्त, संतोष शोभन और संचना कृष्णमूर्ति भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। कॉमेडी को और मजेदार बनाने के लिए मशहूर अभिनेता योगी बाबू को भी एक खास किरदार दिया गया है। इसके अलावा, निर्देशक मिष्किन इस फिल्म में पुलिस अधिकारी के रूप में दिखाई देंगे।