पंजाब सरकार का समर्थन देखकर खुशी: हरमनप्रीत कौर

पंजाब सरकार का समर्थन देखकर खुशी: हरमनप्रीत कौर

चंडीगढ़, 24 मई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को 87 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड प्रदान करेंगे। खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। इस आयोजन में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी बतौर अतिथि शामिल होंगी। हरमनप्रीत ने कहा कि सरकार से मिल रहे समर्थन को देखकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा, "जब हम वनडे विश्व कप का खिताब जीते थे, तो सरकार ने हमें नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी और हम उस पुरस्कार को लेने के लिए यहां आए हैं। इसके अलावा, अन्य खेलों के कई खिलाड़ी भी महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड से सम्मानित होंगे। बहुत अच्छा लग रहा है कि हर खेल के खिलाड़ियों को एक साथ मिलने का अवसर मिल रहा है। पंजाब सरकार की ओर से खिलाड़ियों को इतना समर्थन मिलना प्रेरणादायक है। हम अपनी मेहनत का जो फल पा रहे हैं, उसके लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।

कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में सोने का पदक और एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान आदित्य कुंडू ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की ओर से पहली बार अवॉर्ड मिल रहा है और यह एक खुशी की बात है। यह बहुत अच्छा है कि सभी खिलाड़ियों को एकत्रित करके अवॉर्ड्स दिए जा रहे हैं। यह एक प्रशंसनीय कदम है और मैं चाहता हूं कि ऐसा आयोजन हर साल या दो साल में होना चाहिए, क्योंकि इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है।

महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड लेने आईं आर्चरी की खिलाड़ी अवनीत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पूरी पंजाब सरकार को धन्यवाद दिया, जिन्होंने सभी खिलाड़ियों के लिए यह विशेष पहल की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवॉर्ड्स खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं।

फेंसिंग में शानदार प्रदर्शन करने वालीं जगमीत कौर ने कहा कि यह कदम हमारे खेल के लिए और भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार के तहत सुविधाएं पहले से काफी सुधरी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान 32.05 करोड़ रुपये की इनामी राशि खिलाड़ियों के बीच वितरित करेंगे और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा।