पंजाब एंड सिंध बैंक में 635 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन शुरू, अंतिम तिथि 6 जून

पंजाब एंड सिंध बैंक में 635 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन शुरू, अंतिम तिथि 6 जून

नई दिल्ली, 21 मई। बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर आया है। पंजाब एंड सिंध बैंक ने राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के आधार पर कुल 635 अप्रेंटिस पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों की भर्ती की आधिकारिक सूचना जारी की है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हो चुकी है और अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार को चाहिए कि वे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया को अंतिम तिथि से पहले पूरी करें।

आवेदकों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी विषय में नियमित स्नातक की डिग्री होनी चाहिए या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की स्थानीय भाषा में दक्षता (पढ़ने, लिखने, बोलने और समझने) होनी चाहिए।

उम्र की दृष्टि से आवेदकों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 मई की स्थिति के अनुसार की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन मेरिट सूची, शारीरिक/चिकित्सीय स्वास्थ्य और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 12,300 रुपए की स्टाइपेंड दी जाएगी।

आवेदन पत्र भरते समय आवेदकों को अपने वर्ग के अनुसार आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 200 रुपए तथा एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 100 रुपए तय किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनएटीएस या एनएपीएस की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें। फिर पंजाब एंड सिंध बैंक की आधिकारिक साइट पर जाएं। होमपेज पर संबंधित पद के लिए दिए गए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। सभी जानकारी फॉर्म में भरें, आवश्यक दस्तावेज सही साइज में अपलोड करें और आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें। अंत में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट निकालकर भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें।