चंडीगढ़, 24 मई। पंजाब पुलिस को सीमा पार से सक्रिय ड्रग तस्करी रैकेट के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस, फिरोजपुर की टीम ने गुरूहर्सहाय, फिरोजपुर में कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 28.12 किलोग्राम हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की रकम मिली है। प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह रैकेट विदेशी तस्करों और हैंडलर्स से जुड़ा हुआ है। आरोपियों को कथित तौर पर भारत में मादक पदार्थों की खेप लाने और उसे वितरित करने का कार्य किया गया था। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में डीजीपी ने लिखा, "एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन में फिरोजपुर की काउंटर इंटेलिजेंस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करके एक सीमा पार ड्रग तस्करी रैकेट का खुलासा किया। गुरुहरसहाय में की गई इस कार्रवाई में 28.12 किलोग्राम हेरोइन और 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।"
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट हुआ कि इस रैकेट के तार विदेश में मौजूद तस्करों और उनके आकाओं से जुड़े थे। आरोप है कि इन विदेशी आकाओं ने ही गिरफ्तार आरोपियों को मादक पदार्थों की खेप को सीमा पार से लाकर भारतीय क्षेत्र में वितरण का काम सौंपा था। इस मामले में सभी संभावित संपर्कों की पहचान करने और सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विस्तृत जांच जारी है। आगे और गिरफ्तारियां और बरामदगी की संभावना जताई जा रही है।
डीजीपी ने अपने पोस्ट में यह स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस सीमा पार तस्करी पर कड़ी नज़र रखेगी और मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति को कठोरता से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।