ओडिशा: कालबैसाखी तूफान में तीन की मौत, सीएम माझी ने जताया दुख और आर्थिक सहायता का ऐलान

ओडिशा: कालबैसाखी तूफान में तीन की मौत, सीएम माझी ने जताया दुख और आर्थिक सहायता का ऐलान

भुवनेश्वर, 21 मई। ओडिशा के क्योंझर जिले में कालबैसाखी तूफान ने गंभीर नुकसान पहुँचाया है। तेज हवाओं और बारिश के चलते केंदुझर टाउन थाना क्षेत्र के नरनपुर में एक टेंट का ढांचा गिरने से तीन व्यक्तियों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हरिदागोठा गांव में भी एक और व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर कालबैसाखी तूफान का असर देखने को मिला, जिससे तेज आंधी और बारिश शुरू हुई। नरनपुर में एक टेंट हाउस का लोहे का सामान और अन्य सामग्री एक मकान की छत पर रखी गई थी, जिसके नीचे चार लोग सो रहे थे।

तूफान के दौरान अचानक मचान ढह गई और वह चारों लोग उसके नीचे दब गए। इस दुर्घटना में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य शुरू कर मृतकों के शव बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान नरनपुर के रुगुड़ी साहि निवासी आलोक तिगिरिया, घाटगांव निवासी सागर नायक और सदांगी क्षेत्र के पेटू नायक के रूप में की गई है। घायल व्यक्ति का नाम नरनपुर रुगुड़ी साहि निवासी अमित नायक है।

मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान मुख्यमंत्री राहत कोष से किया है।

ओडिशा मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि क्योंझर जिले के सदर तहसील के नरनपुर में कालबैसाखी तूफान के चलते हुई जनहानि के लिए मुख्यमंत्री मोहन माझी ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रत्येक मृतक के परिवार को राहत कोष से 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है।