बंगाल की खाड़ी में बन रहे गहरे दबाव क्षेत्र की वजह से ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में देखने को मिल रहा है। ओडिशा के कई जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद किए गए हैं, जबकि आंध्र प्रदेश के भी कई जिलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। देश के कई राज्यों में फिर से मौसम बदलता दिख रहा है। बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव क्षेत्र बन रहा है। जिसका असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में दिख रहा है। दोनों राज्यों के कई इलाकों में तेज बारिश जारी है, जिसके चलते कुछ जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। 

स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद 

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। बारिश और जल-जमाव की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित जिलों में एहतियाती इंतजाम किए हैं। ओडिशा के कई जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद किए गए हैं, जबकि आंध्र प्रदेश के भी कई जिलों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

कई इलाकों में अभी तक बारिश का सिलसिला जारी

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी भारत में बारिश तेज हो गई है। यह सिस्टम आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ चुका है। इसकी वजह से कई इलाकों में अभी तक बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने ओडिशा में 25 और 26 सितंबर को बारिश की आशंका जताई है।

ओडिशा में स्कूल बंद

भारी बारिश की संभावना के चलते राज्य सरकार ने ओडिशा के कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दे दिया है। इनमें खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजाम, गजपति, मलकानगिरी, कोरापुट, पुरी और नबरंगपुर जैसे जिले शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने मौसम की स्थिति के आधार पर अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।

आंध्र प्रदेश में भी शैक्षणिक संस्थानों पर असर

आंध्र प्रदेश में भी बारिश से प्रभावित जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया है। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापट्टनम, अनकापल्ली और अल्लूरी सीताराम राजू समेत कुछ जिलों में एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित की गई। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

कई राज्यों में रेड अलर्ट किया था जारी 

बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 सितंबर को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई थी। इसके अलावा बिहार, झारखंड, विदर्भ, सिक्किम समेत कई इलाकों में भी भारी बारिश की आशंका जताई थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।