नोरा फतेही का नया गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। कन्नड़ फिल्म ‘केडी – द डेविल’ के इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त बहस छिड़ गई है। गाने के बोलों को लेकर यूजर्स लगातार नाराजगी जता रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इसमें डबल मीनिंग और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, डांस मूव्स को भी जरूरत से ज्यादा बोल्ड बताया जा रहा है।
अरमान मलिक ने जताई नाराजगी
सिंगर अरमान मलिक ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा— “यह मेरे टाइमलाइन पर आया और मुझे दोबारा सुनना पड़ा… यह देखकर दुख होता है कि कमर्शियल सॉन्गराइटिंग अब एक नए निचले स्तर पर पहुंच गई है।”
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
यूजर्स गाने को लेकर जमकर ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा— “यह भारत के सबसे बुरे गानों में से एक है।” वहीं दूसरे ने सवाल उठाया— “ऐसे गानों पर सेंसर बोर्ड रोक क्यों नहीं लगाता?”
फिल्म की पूरी डिटेल
‘केडी – द डेविल’ एक कन्नड़ एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसे प्रेम ने डायरेक्ट किया है और केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है। यह फिल्म 1970 के दशक की बैंगलोर की सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में ध्रुव सरजा लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी और नोरा फतेही भी अहम भूमिकाओं में हैं।
कब होगी रिलीज?
यह पैन-इंडिया फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। इसे कन्नड़ के अलावा हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। एक तरफ गाना तेजी से वायरल हो रहा है, तो दूसरी तरफ विवाद भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहा है—अब देखना होगा कि मेकर्स इस आलोचना पर क्या कदम उठाते हैं।