नोएडा, 21 मई। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी ने जीवन को कठिन बना दिया है। दिन के साथ-साथ रात के समय भी गर्म हवाएं और उमस से कोई छुटकारा नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, अगले छह दिनों तक एनसीआर में हीट वेव की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। रात के दौरान तापमान में कमी न आने के कारण लोग काफी परेशान हैं।
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 21 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी गई है, और रात में "वार्म नाइट" की स्थितियों के बने रहने की संभावना बताई गई है।
22 मई को भी तापमान में कोई राहत नहीं मिलेगी। उस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के समय लू चलने की चेतावनी दी है, जिसके साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।
23 मई को भी तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। 24 मई को भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा, जिसमें अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर और शाम के समय तेज हवाएं चलेंगी और हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। 25 और 26 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
गर्मी की लगातार स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। अस्पतालों को अतिरिक्त बिस्तर तैयार रखने, हीट स्ट्रोक के मामलों के लिए विशेष वार्ड और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकले। साथ ही यह भी कहा गया है कि अधिक पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें।
मौसम विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि अगले कई दिनों तक एनसीआर में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। दिन और रात में बढ़ती गर्मी लोगों की समस्याओं को बढ़ा रही है, और आने वाले दिनों में परिस्थितियां और भी खराब हो सकती हैं।