नई दिल्ली, 20 मई। नीट यूजी पेपर लीक केस की जांच गति पकड़ चुकी है। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मुख्य आरोपी शुभम खैरनार की सीबीआई हिरासत को पांच दिन तक के लिए बढ़ा दिया है। वहीं, मामले में पकड़े गए पांच अन्य आरोपियों को 2 जून तक न्यायिक हिरासत में रखा गया है। एस मामले में सीबीआई ने कुल छह आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जिनमें महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा के आरोपी शामिल हैं। पेश किए गए छह में नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम के यश यादव तथा अहिल्या नगर, महाराष्ट्र के धनंजय लोखंडे शामिल हैं।
सीबीआई ने कोर्ट से शुभम खैरनार की हिरासत बढ़ाने का अनुरोध किया, यह बताते हुए कि उसे हाल में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से आमना-सामना कराना आवश्यक है। इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में भी उसकी गहन पूछताछ जारी रहनी चाहिए। एजेंसी ने अदालत को सूचित किया कि मामले में आगे की बरामदगी भी आवश्यक है और शुभम को महाराष्ट्र ले जाना पड़ेगा।
सीबीआई ने अन्य पांच आरोपियों, मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव और धनंजय लोखंडे के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने की याचिका दी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके परिणामस्वरूप, कोर्ट ने सभी पांच आरोपियों को 2 जून तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया।
दूसरी ओर, शुभम खैरनार के वकील ने सीबीआई की हिरासत बढ़ाने के अनुरोध का विरोध करते हुए अदालत में कहा कि सात दिनों की पूछताछ में सीबीआई ने क्या जानकारी प्राप्त की, यह स्पष्ट होना चाहिए।
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों और पूछताछ के बीच जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।