नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा: अरविंद केजरीवाल

नीट परीक्षा देने वाले छात्रों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा: अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली, 20 मई। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मिलकर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने विद्यार्थियों को राहत पहुंचाने की घोषणा की कि 20 से 22 जून तक पंजाब की रोडवेज बसों में यात्रा मुफ्त होगी। इसके लिए, नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।

पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो में कहा, "नमस्ते बच्चों, आपके सुझावों के आधार पर पंजाब सरकार ने नीट के सभी छात्रों के लिए 20 से 22 जून तक बस सेवाएं मुफ्त रखने का निर्णय लिया है।" उन्होंने छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्हें चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं, केवल मेहनत करनी है। सभी का लक्ष्य डॉक्टर बनना है, इसलिए हिम्मत नहीं हारनी चाहिए और मेहनत करनी चाहिए।

इसके अलावा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि कई गरीब छात्र नीट परीक्षा देते हैं और उनके पास परीक्षा केंद्र जाने के लिए किराया जुटाने का साधन भी नहीं होता। हाल ही में, जब केजरीवाल ने नीट छात्रों से बात की, तो उन्होंने मदद मांगी। चूंकि नीट परीक्षा 21 जून को है, इसलिए पंजाब सरकार ने निर्णय लिया है कि 20, 21 और 22 जून को नीट परीक्षा देने वाले सभी छात्रों का किराया पंजाब रोडवेज की बसों में माफ कर दिया जाएगा। छात्र केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाएं, और उनसे कोई टिकट शुल्क नहीं लिया जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने नीट के उम्मीदवारों से अपील की थी कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा के रद्द होने की वजह से तनाव और अवसाद से दूर रहें और कोई भी असामान्य कदम न उठाएं।

केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी भावनाएं और सुझाव उनसे कमेंट या डायरेक्ट मैसेज के जरिए साझा करें, और उन्हें विश्वास दिलाया कि "हम आपके साथ हैं।"