भोपाल/धार, 25 मई। मध्य प्रदेश के धार जिले के सेमालदा गांव में नर्मदा नदी में स्नान करने गए चार दोस्तों में से दो युवक लापता हो गए हैं, जबकि बाकी दो को बचा लिया गया है। ये सभी युवक कोटपुतली, राजस्थान के निवासी हैं और एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय पूरन और 34 वर्षीय दिनेश अब भी लापता हैं, जबकि मनोज यादव और नवीन योगी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। यह घटना रविवार की शाम को हुई।
जानकारी के अनुसार, ये चारों दोस्त छुट्टी के दिन नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए आए थे। वे मनावर क्षेत्र के टोंकी गांव में एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत थे। रविवार शाम लगभग 5 बजे, जब सभी नदी में उतरे, तो वे अचानक 15 से 20 फीट गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दो युवकों को निकाल लिया, लेकिन पूरन और दिनेश का अभी तक कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर मनावर पुलिस और प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचे।
पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की टीमें देर शाम तक नावों के माध्यम से खोज अभियान चलाती रहीं। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और सीमेंट कंपनी के कर्मचारी भी उपस्थित रहे, और प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है।