बिहारशरीफ स्थित ममता होटल के सभागार में जिला पत्रकार संघ नालंदा की ओर से जनता दल (यू) विधायक दल के नेता सह ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष, संपादक, संरक्षक सदस्य, पत्रकार, फोटोग्राफर तथा इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों ने मंत्री को माला, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
‘समाज और राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत अहम है और लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया का बड़ा योगदान है।
पत्रकार सम्मान पेंशन योजना का किया जिक्र
मंत्री श्रवण कुमार ने इस अवसर पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पत्रकारों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए “बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना” शुरू की गई। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पत्रकारों को मिलने वाली पेंशन राशि 6 हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
पत्रकारों के योगदान को बताया लोकतंत्र की ताकत
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि पत्रकार दिन-रात मेहनत कर समाज और राष्ट्र की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के योगदान के बिना लोकतंत्र की मजबूती की कल्पना अधूरी है।
छह सूत्री मांग पत्र सौंपा गया
कार्यक्रम के दौरान जिला पत्रकार संघ नालंदा की ओर से मंत्री श्रवण कुमार को छह सूत्री मांग पत्र भी सौंपा गया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर संघ के मुख्य संरक्षक चंद्रमणी पांडेय, संरक्षक रमाशंकर प्रसाद, सुनील कुमार, महफूज आलम, सूजीत कुमार वर्मा, जिला पत्रकार संघ नालंदा के अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद, सचिव संजीव प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष मो. जमाउद्दीन सहित कई पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा ममता होटल के संचालक एवं समाजसेवी दिलीप कुमार, रजनीकांत उर्फ पप्पू, वीरेंद्र कुमार, अर्जुन कुमार, मुकेश मानस, अजित केसरी, प्रमोद झा, मोहम्मद निसार अंसारी, विनोद कुमार, श्रवण लाल, ऋषिकेश कुमार सहित कई लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।