नागपुर में 19वां रोजगार मेला: 315 युवाओं को मिली नौकरियों की पेशकश, पीएम मोदी के प्रति व्यक्त किया आभार

नागपुर में 19वां रोजगार मेला: 315 युवाओं को मिली नौकरियों की पेशकश, पीएम मोदी के प्रति व्यक्त किया आभार

नागपुर, 23 मई। महाराष्ट्र के नागपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा शनिवार को नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी), राजनगर में 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने रेलवे, डाक, रक्षा और स्वास्थ्य जैसे विभिन्न केन्द्रीय विभागों में चयनित 315 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

यह रोजगार मेला केंद्र सरकार की युवा रोजगार उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की कोशिशों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी का माहौल था, और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

असिस्टेंट लोको पायलट के तौर पर चयनित आकाश ने बताया कि उनका चयन सेंट्रल रेलवे के बिलासपुर जोन के नागपुर डिविजन में हुआ है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने की खुशी को व्यक्त करना कठिन है और उनका पूरा परिवार प्रधानमंत्री मोदी और नितिन गडकरी के प्रति कृतज्ञता महसूस कर रहा है। आकाश ने इसे युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच बताया।

वाराणसी के आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में जूनियर एग्जीक्यूटिव पद पर मौका मिला है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बेरोजगार रहने के बाद नौकरी मिलना बहुत खुशी की बात है और रोजगार मेले ने युवाओं के लिए नए रास्ते खोले हैं। इस प्रयास के लिए उनके दिल से प्रधानमंत्री मोदी का आभार।

वर्धा, महाराष्ट्र से महिमा, जो एम्स नागपुर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित हुई हैं, ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को एक शानदार अवसर प्रदान किया है, जिससे उन्हें लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अपनी नई जिम्मेदारी पर वह पूरी ताकत के साथ खरा उतरने की कोशिश करेंगी। नौकरी मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आने वाला है और नितिन गडकरी से नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व की बात है।