नगालैंड विश्वविद्यालय में 13 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर

नगालैंड विश्वविद्यालय में 13 पदों पर भर्ती का सुनहरा अवसर

कोहिमा, 22 मई। सरकारी यूनिवर्सिटीज में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक सकारात्मक खबर आई है। नगालैंड विश्वविद्यालय ने डिप्टी रजिस्ट्रार समेत 13 गैर-शिक्षण पदों के लिए भर्ती की आधिकारिक सूचना जारी की है। इन पदों में वित्त अधिकारी (5 साल की अवधि), आंतरिक लेखापरीक्षा अधिकारी (5 साल की अवधि), उप रजिस्ट्रार, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, नर्सिंग अधिकारी, जूनियर इंजीनियर (सिविल), और विभिन्न वरिष्ठ तकनीकी सहायक समेत अन्य पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मई से शुरू हो चुकी है और आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 13 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार नगालैंड विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन फॉर्म भरने के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित डिग्रियां होनी चाहिए, जैसे मास्टर डिग्री, ग्रेजुएशन, सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, 12वीं कक्षा की परीक्षा पास, बीएससी (नर्सिंग) या बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग डिग्री। इसके साथ ही, उन्हें संबंधित क्षेत्र में अनुभव और अन्य आवश्यक योग्यताएं भी पूरी करनी होंगी।

आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 28 से 56 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसे आवेदन की अंतिम तारीख के आधार पर देखा जाएगा। वहीं, अनुसूचित जाति/जनजाति के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, साक्षात्कार और स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, और चयनित उम्मीदवारों को 18,000 से 2,18,200 रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ ही, उन्हें अन्य भत्तों का भी लाभ मिलेगा।

आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी के लिए 500 रुपए है। पीडब्ल्यूडी श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट प्रदान की गई है।