मशहूर एक्टर मुश्ताक खान अब हमारे बीच नहीं रहे। एक्टर ने कैंसर से जंग के बाद हार मान ली और वो इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए छोड़कर चले गए। 'वेलकम', 'गदर' और 'हेरा फेरी' जैसी फिल्मों से अक्सर मुश्ताक खान लोगों को हंसाते आए थे, लेकिन लोगों के चेहरों पर मुस्कान लेकर आने वाले मुश्ताक खान अब सबको रुलाकर चले गए हैं। 24 सितंबर को उनका निधन हो गया। कल मुंबई के नानावती अस्पताल में उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली थी और आज वो अपने अंतिम सफर पर निकल गए हैं। 

अंतिम सफर पर निकले मुश्ताक खान 

मुश्ताक खान के अंतिम सफर का एक वीडियो भी सामने आया है। इसे देखने के बाद आपका भी दिल टूट जाएगा। वीडियो में नजर आ रहा है कि मुश्ताक खान के शव को उनका बेटा और बाकी घरवाले और रिश्तेदार कंधा दे रहे हैं। ये पल वाकई मुश्ताक खान के परिवार, दोस्तों और फैंस के लिए दिल तोड़ देने वाला है। इस वीडियो को देखकर फैंस बेहद इमोशनल हो रहे हैं। साथ ही टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री भी शोक में डूबी हुई है। चलिए ये भी जान लेते हैं कि मुश्ताक खान को कहां सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। 

कहां होगा मुश्ताक खान का अंतिम संस्कार? 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के यारी रोड पर मौजूद कब्रिस्तान में मुश्ताक खान का अंतिम संस्कार किया जाएगा। यारी रोड के कब्रिस्तान में एक्टर को अंतिम विदाई दी जाएगी। आपको बता दें, मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन ने इस दुख की घड़ी में रिवील किया है कि उनके पिता को पहले स्टेज का कैंसर था। हालांकि, ये कब बढ़ा इसका पता नहीं चल पाया और फिर वो दुनिया से चले गए। साथ ही मोहसिन ने ये भी बताया कि वो अपने आखिरी दिनों में मुस्कुराते हुए इस दुनिया से गए हैं। बेटे से आखिरी बार बात करते हुए मुश्ताक बहुत खुश थे और मुस्कुरा रहे थे। 

मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार में पहुंचे सेलेब्स 

वहीं, दूसरी ओर मुश्ताक खान के अंतिम संस्कार में सेलेब्स का आना शुरू हो गया है। एक्टर रजत बेदी और अली खान मुश्ताक खान को अंतिम विदाई देने पहुंचे हैं। अभी और भी सेलिब्रिटीज मुश्ताक खान को आखिरी विदाई देने के लिए पहुंचेंगे। आपको बता दें, मुश्ताक खान का निधन इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका है। वो बॉलीवुड, टीवी और ओटीटी पर भी अपनी छाप छोड़कर गए हैं।