मुंबई, 21 मई। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र में हुए बम विस्फोट और गोलीबारी से संबंधित मामले में तीन भगोड़ों को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है, जो कि मुंबई के देवनार क्षेत्र से पकड़ा गया।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने पश्चिम बंगाल में घटना को अंजाम देने के बाद अपनी पहचान छिपाते हुए एकता एसआरए बिल्डिंग के एक कमरे में शरण ली थी। मुंबई पुलिस को हावड़ा पुलिस से जानकारी मिली थी कि ये आरोपी मुंबई में छिपे हुए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने समय रहते तीनों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शमीम अहमद अब्दुल रशीद (40), जमील अख्तर अली (43) और अफताब अनवर खुर्शीद अनवर (44) शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुर बमबाजी और फायरिंग में अपनी भागीदारी स्वीकार की है। साथ ही, उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, हावड़ा के शिवपुर पुलिस स्टेशन की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है और आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू की जा रही हैं। सभी कागजात पूरे होने के बाद इन तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंपा जाएगा।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने यह भी स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल में मामले की आगे की जांच शिवपुर पुलिस द्वारा की जाएगी।
रिपोर्टों के अनुसार, इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की एक अन्य यूनिट ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो एक आश्रम के बाहर बम फेंकने की घटना में शामिल थे।
बताया गया है कि इन दोनों ने घटना के बाद मुंबई में भागकर शरण ली थी।