नई दिल्ली, 22 मई। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बातचीत में उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास के मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि आज नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ। यह मेरी मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री के साथ पहली औपचारिक भेंट है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा राज्य की प्रगति के प्रति लगन और शुभकामनाओं के लिए मैं आभारी हूं। हमारी चर्चा के दौरान, प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर जोर देते हुए बताया कि पश्चिम बंगाल का विकास केन्द्र सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं पश्चिम बंगाल को आर्थिक ठहराव से निकालने और विकास, उद्योग पुनरुद्धार तथा युवा सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ने के लिए केंद्र से पूरे समर्थन का आश्वासन देने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता हूं। जनता का विश्वास और केंद्र का सहयोग हमारे लिए विकास के नए युग की शुरुआत का आधार बनेगा।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस भेंट की जानकारी देते हुए लिखा कि भारत की राष्ट्रपति से मिलने का अवसर पाकर मैं गौरवान्वित और आभारी हूँ। मैं उन्हें आश्वस्त करता हूँ कि आपके अगले दौरे पर पश्चिम बंगाल की नई सरकार आपके पिछले दौरे की दुखद स्मृतियों को भुला देने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल यह सुनिश्चित करेगा कि आपको हमारे देश के सर्वोच्च संवैधानिक प्रमुख के रूप में वह सम्मान प्राप्त हो, जिसके आप पूर्णतः हकदार हैं।