मिर्जापुर में 15 वर्षीय लड़की की हत्या, रात में घर से लापता हुई, सुबह मिला शव

मिर्जापुर में 15 वर्षीय लड़की की हत्या, रात में घर से लापता हुई, सुबह मिला शव

मिर्जापुर, 24 मई। मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 15 साल की एक किशोरी की हत्या ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। एक नाले के पास उसका शव मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

मृतक किशोरी की पहचान कविता बिंद के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, कविता अपने मां के साथ शनिवार रात घर में सोई हुई थी। रात करीब एक बजे परिवार की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कविता घर से गायब है। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन रातभर की, लेकिन कोई नतीजा नहीं मिला। रविवार सुबह गांव के बाहर मजदूरों और ग्रामीणों ने एक युवती का शव मिलने की सूचना दी, जिसे परिजनों ने कविता बिंद के रूप में पहचाना।

परिवार ने बताया कि सुखनई गांव का रहने वाला साजन बिंद पिछले कुछ महीनों से कविता से फोन पर बात कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। मृतका के पिता मोहन बिंद ने कहा कि परिवार के विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धमकी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि किशोरी की हत्या चाकू से गला काटकर की गई और उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक अपने दल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने पास लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से सबूत एकत्र किए गए हैं।

एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द ही मामले का सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही लोजपा प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचे और इस घटना को लेकर कड़ा विरोध प्रकट किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या और दुष्कर्म की बढ़ती घटनाएं चिन्ता का विषय हैं और उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।