मायावती ने यूपी में बिजली कटौती पर जताई चिंता, तुरंत कदम उठाने की अपील

मायावती ने यूपी में बिजली कटौती पर जताई चिंता, तुरंत कदम उठाने की अपील

लखनऊ, 22 मई। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को अत्यधिक गर्मी के कारण राज्य में हो रही बिजली कटौती के बारे में चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े जनसंख्या वाले राज्य में इस तीव्र गर्मी के दौरान बिजली की कम उपलब्धता और कटौती से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यवसायियों और अन्य मेहनत करने वालों के लिए जीवन बेहद कठिन हो गया है। लोग इस मुद्दे पर अपने गुस्से का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

बसपा प्रमुख ने सरकार से यह अपील की कि वह बिजली की आपूर्ति से जुड़ी जनता की कठिनाइयों और समस्याओं के प्रति गंभीरता से विचार करें और तत्काल उचित कदम उठाएं।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश जैसी विशाल जनसंख्या वाले राज्य में इस गर्मी के मौसम में बिजली की कमी और उसके कारण हो रही समस्याओं की आम शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे विशेषकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यवसायी और अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन बेहद कठिन हो गया है, और वे इस पर विभिन्न तरीकों से अपना गुस्सा व्यक्त कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी लगातार हो रही है।''

उन्होंने आगे अपने एक्स पोस्ट में कहा, ''इसलिए, सरकार से अनुरोध है कि वह बिजली की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम तत्काल उठाए। इसके अलावा, नए पावर प्लांट्स के माध्यम से भविष्य में बिजली की स्थिति सुधारने का प्रयास करना व्यापक जनहित में उचित होगा।''

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही है। बुंदेलखंड का बांदा जिला सबसे गर्म क्षेत्र बना हुआ है। राज्य में तीन दिन के लिए हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की गाइडलाइंस जारी की जा रही हैं। विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहा है। धूप में निकलने के समय सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। दूसरी ओर, जबर्दस्त गर्मी के कारण बिजली की कटौती से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। हाल के दिनों में बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की खपत भी बढ़ गई है, जिससे डिमांड में वृद्धि हुई है। बिजली कटौती के कारण कई जगहों पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।