लखनऊ, 20 मई। मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को जानकारी दी कि उसने अपनी कारपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत लखनऊ के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में एक स्मार्ट फैक्ट्री लैब की स्थापना की है। इसका मुख्य उद्देश्य डिप्लोमा छात्रों को उन्नत मैन्युफैक्चरिंग तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। यह प्रयोगशाला पहले वर्ष में करीब 400 छात्रों को प्रशिक्षित करेगी, और इसे आधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं के अनुभव को उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है, जिससे शैक्षणिक शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच का फासला कम किया जा सकेगा।
कंपनी ने अपने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह अत्याधुनिक प्रयोगशाला छात्रों को स्वचालन, उद्योग 4.0, औद्योगिक इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईआईओटी), न्यूमेटिक्स, ऊर्जा मापन और गति नियंत्रण प्रणालियों जैसे उन्नत, उद्योग से संबंधित तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है।
कंपनी ने आगे स्पष्ट किया कि इन लैब्स का उद्देश्य डिप्लोमा छात्रों के बीच व्यावहारिक शिक्षा और तकनीकी कौशल को सुदृढ़ करना है, ताकि वे वास्तविक दुनिया के मैन्युफैक्चरिंग के अनुभव को हासिल कर सकें।
कंपनी का कहना है कि इस कार्यक्रम का लक्ष्य उद्योग के लिए आवश्यक सही मानसिकता विकसित करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना, तकनीकी कौशल को मजबूत बनाना और छात्रों को उद्योग के लिए तैयार पेशेवर बनाना है, ताकि वे भविष्य के लिए सक्षम कार्यबल में योगदान दे सकें।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट मामलों के वरिष्ठ अधिकारी राहुल भारती ने कहा, "स्मार्ट फैक्ट्री लैब में सुविधाओं को उन्नत करके, हम सरकार के स्किल इंडिया मिशन के अनुरूप भविष्य के लिए सक्षम पेशेवरों का निर्माण कर रहे हैं। ये लैब मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने, कौशल में कमी को कम करने एवं छात्रों में उद्योग-विशिष्ट उपकरणों के उपयोग में आत्मविश्वास बढ़ाने हेतु अनुभवात्मक शिक्षा के मौके प्रदान करेंगी।"
उन्होंने आगे कहा, "सरकारी कॉलेजों की सुविधाओं को सुधारने के साथ, मारुति सुजुकी ने जापान और भारत की सरकारों के सहयोग से चार जापान-भारत विनिर्माण संस्थान (जेआईएम) की स्थापना भी की है।"
इसके अलावा, मारुति सुजुकी ने ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख क्षेत्रों में उद्योग-विशिष्ट व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए 18 आईटीआई में एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग लैब (एएमएल) की स्थापना की है।