मार्को रूबियो का भारत दौरा: आज रूजवेल्ट हाउस में डिनर, अमेरिकी राजदूत गोर करेंगे मेजबानी

मार्को रूबियो का भारत दौरा: आज रूजवेल्ट हाउस में डिनर, अमेरिकी राजदूत गोर करेंगे मेजबानी

नई दिल्ली, 23 मई। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के चार दिवसीय भारत दौरे के सम्मान में आज राष्ट्रीय राजधानी के रूजवेल्ट हाउस में एक औपचारिक रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की मेज़बानी अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम में भारतीय अधिकारियों, व्यापारिक क्षेत्र की प्रमुख शख्सियतों, नवाचार के विशेषज्ञों और रणनीतिक सहयोगियों को आमंत्रित किया गया है। यह सभी लोग अमेरिका-भारत संबंधों के अगले चरण की दिशा में काम कर रहे हैं।

यह आयोजन व्यापार, तकनीकी प्रगति, सुरक्षा और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को उजागर करेगा। विभिन्न क्षेत्रों के लीडर्स की भागीदारी यह दर्शाती है कि दोनों देशों के बीच सहयोग केवल सरकारी स्तर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि उद्यमियों, संस्थानों और उद्योग के नेटवर्क के माध्यम से इसके व्यावहारिक पहलू भी विकसित हो रहे हैं।

रूजवेल्ट हाउस, जो भारत में अमेरिका के राजदूत का आधिकारिक निवास है, 28 एकड़ भूमि पर स्थित है। इसे 1950 के दशक में अमेरिकी कूटनीतिक उद्देश्य के लिए स्थापित किया गया था और इसका नाम भारत की आजादी के समर्थन करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के नाम पर रखा गया।

इस भवन का डिज़ाइन प्रसिद्ध अमेरिकी आर्किटेक्ट एडवर्ड ड्यूरेल स्टोन ने बनाया है, जिन्होंने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास की चांसरी इमारत भी तैयार की थी। इसकी खासियत में हाथ से पॉलिश किए गए कंक्रीट ब्लॉकों से बनी जालीदार संरचना शामिल है, जिसमें धौलपुर, आगरा, कोटा के पत्थरों और मकराना संगमरमर का उपयोग किया गया है।

जनवरी 1963 में इस भवन का उद्घाटन समारोह हुआ था, जिसमें 700 से अधिक मेहमान उपस्थित थे, जिनमें राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन, उपराष्ट्रपति जाकिर हुसैन और प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू शामिल थे।

रूजवेल्ट हाउस के पहले अमेरिकी राजदूत जॉन केनेथ गैलब्रेथ थे। उद्घाटन के एक साल पूर्व, उन्होंने जैकलीन कैनेडी को दूतावास परिसर का दौरा कराया था, जिसके बाद उन्होंने केनेडी सेंटर के डिज़ाइन के लिए एडवर्ड ड्यूरेल स्टोन को नियुक्त किया।

सालों से, इस भवन में राजनीतिक नेताओं के अलावा अंतरिक्ष यात्री, कलाकार, वैज्ञानिक और लेखक भी आए हैं। उल्लेखनीय आगंतुकों में राष्ट्रपति ट्रंप, पहले अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जॉन ग्लेन, पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा, सितार वादक रवि शंकर, कलाकार मकबूल फिदा हुसैन और नोबेल पुरस्कार विजेता भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर शामिल हैं।