इंफाल, 21 मई। मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने हाल ही में चलाए गए एक विस्तृत अभियान के दौरान 67 हथियारों का जखीरा बरामद किया है, जिसमें 27 एके सीरीज राइफल और 11 अमेरिकी निर्मित राइफल शामिल हैं। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक भी मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया में यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट-पामबेई के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि लमशांग इलाके में लूटे गए हथियारों और गोला-बारूद की अवैध बिक्री की जानकारी प्राप्त होने पर बुधवार को लमडेंग क्षेत्र में विशेष ऑपरेशन चलाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान यूएनएलएफ-पामबेई के दो संदिग्ध हेशनाम थॉमस सिंह (29) और अरंबाम टॉमटॉम सिंह (29) को पकड़ा गया, जिनके पास से एक इंसास राइफल, एक लाइट मशीन गन, तीन मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उग्रवादियों के साथी सुरक्षा बलों पर गोलियां चला रहे थे, जिससे दोनों पक्षों के बीच थोड़ी देर के लिए मुठभेड़ हुई।
इसके बाद संगठन के दो अन्य सदस्य निंगथौजाम राकेश सिंह और चिंगाखाम महेश सिंह को भी पकड़ा गया, जिन्हें फायरिंग में शामिल होने का आरोप लगा है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यूएनएलएफ के लांस कॉर्पोरल नाओरेम बिजॉय उर्फ माचा के निर्देश पर हथियार बेचने आए थे, और उन्होंने पहले भी अवैध हथियारों की बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद मणिपुर पुलिस, असम राइफल्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने लमडेंग में एक अवैध यूएनएलएफ कैंप पर छापा मारा, जहां से 29 हथियारों की बरामदगी की गई, जिसमें एके सीरीज राइफल, एम-सीरीज राइफल, पिस्तौल और अन्य आधुनिक हथियार शामिल हैं।
गुरुवार को एक अन्य ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने 38 और हथियारों को जब्त किया, इनमें एके सीरीज राइफल, एम-सीरीज राइफल, स्नाइपर राइफल, कार्बाइन, शॉटगन, मोर्टार, आरपीजी-7 लॉन्चर, एंटी-ड्रोन जैमर और भारी मात्रा में विस्फोटक और गोला-बारूद शामिल हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे लूटे गए या अवैध हथियारों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या सुरक्षा एजेंसियों को दें।
यूएनएलएफ-पामबेई ने 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौता किया था और हिंसा से दूर रहने का वादा किया था, लेकिन इसके सदस्य लगातार अवैध हथियारों के व्यापार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में पकड़े जाते रहे हैं।
इसी बीच, भारत-म्यांमार सीमा के नजदीक मोरेह थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान चलाकर हथियारों और गोला-बारूद की बरामदगी की। बरामद सामग्री में एक सेल्फ लोडिंग राइफल, 9 एमएम पिस्तौल, चार रेडियो सेट, एक रेडियो चार्जर और चार आईईडी शामिल थे, जिन्हें बाद में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।