इंफाल, 24। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद और अवैध कार्यों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन के दौरान पिछले 24 घंटे में पांच आतंकवादियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। रविवार को अधिकारियों ने बताया कि इन पकड़े गए आतंकवादियों का संबंध दो प्रतिबंधित संगठनों, यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी और मणिपुर रिवोल्यूशनरी आर्मी, से है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले और इंफाल पूर्व जिले में अलग-अलग अभियानों के जरिए इन आतंकवादियों को पकड़ा। इस दौरान काफी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए।
बरामद की गई सामग्री में एक एके-47 राइफल के साथ मैगजीन, एक आईएनएसएएस राइफल चार मैगजीन के साथ, एक 9 एमएम पिस्टल, 67 कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और एक कैमोफ्लाज बुलेटप्रूफ जैकेट शामिल हैं। इसके साथ ही, कई मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
इस बीच, मणिपुर पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में एक ड्रग तस्कर को पकड़ा है। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय थोलुंग कोशेल लामकांग के रूप में हुई है, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर पल्लेल चंदेल लामखाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 189.05 किलोग्राम अफीम के बीज और एक कार भी बरामद की है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी है कि राज्य में अपहरण, उगाही और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों को पकड़ने के लिए लगातार खुफिया आधार पर कॉम्बिंग ऑपरेशन, घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।
केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल संयुक्त रूप से मणिपुर के संवेदनशील पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन अभियानों का संचालन कर रहे हैं। संदिग्ध वाहनों और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पूरे राज्य में 114 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं।
इसी के साथ, इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले ट्रकों सहित अन्य वाहनों को सुरक्षा एस्कॉर्ट भी मुहैया कराया जा रहा है।
मणिपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों और फर्जी वीडियो से सावधान रहें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि फर्जी पोस्ट या वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।