मलेशिया मास्टर्स: पोपोव बंधुओं को हराकर हरिहरन-अर्जुन ने जोरदार तरीके से शुरू किया अभियान

मलेशिया मास्टर्स: पोपोव बंधुओं को हराकर हरिहरन-अर्जुन ने जोरदार तरीके से शुरू किया अभियान

कुआलालंपुर, 19 मई (आईएएनएस)। मलेशिया मास्टर्स के शुरुआती दौर में मंगलवार को भारतीय पुरुष युगल जोड़ी हरिहरन अमसकारुनन और एमआर अर्जुन ने सबसे बड़े उलटफेरों में से एक करते हुए। इस जोड़ी ने सातवीं वरीयता प्राप्त क्रिस्टो पोपोव और टोमा जूनियर पोपोव को सीधे गेम में शिकस्त दी। यूरोपियन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेताओं का सामना करते हुए, भारतीय जोड़ी इस मुकाबले में स्पष्ट रूप से कमजोर मानी जा रही थी, लेकिन संयमित प्रदर्शन करते हुए 21-19, 21-15 से जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। हरिहरन और अर्जुन ने मुकाबले के अधिकांश समय तक बराबरी पर रहने के बाद, एक तनावपूर्ण शुरुआती गेम को अपने पक्ष में किया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने उसी लय को दूसरे गेम में भी बरकररा रखा, जहां उन्होंने रैलियों पर अधिक आत्मविश्वास से नियंत्रण रखते हुए मैच को दो गेम में ही समाप्त कर दिया। यह परिणाम भारतीय जोड़ी के लिए एक और उत्साहजनक कदम है, जिन्होंने पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर लगातार अपनी लय बनाई है। इस जोड़ी ने पिछले साल नवंबर में तेलंगाना इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज का खिताब जीता था। अक्टूबर में तुर्की इंटरनेशनल चैलेंज और अल ऐन मास्टर्स में भी ट्रॉफियां अपने नाम की थीं। इस सीजन की शुरुआत में, उन्होंने सेंट डेनिस रीयूनियन ओपन भी अपने नाम किया था। वर्तमान में वर्ल्ड नंबर-31 भारतीय जोड़ी के पास अब टॉप-30 में जगह बनाने का मौका है। बशर्ते वे कुआलालंपुर में टूर्नामेंट में काफी आगे तक का सफर तय कर सकें। अगले दौर में, हरिहरन और अर्जुन का सामना या तो इंडोनेशिया के लियो रोली कारनांडो और डैनियल मार्थिन से, या फिर चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी की जोड़ी से होगा। भारतीय जोड़ी को इसी साल की शुरुआत में ओरलियन्स मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में कारनांडो और बगास मौलाना के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अन्य मुकाबलों में, टूर्नामेंट के शुरुआती दिन विभिन्न श्रेणियों में भारत को मिश्रित परिणाम मिले। मिश्रित युगल जोड़ी सात्विक कनापुरम और राधिका शर्मा ने मलेशियाई जोड़ी दातू अशरा और क्लैरिसा सैन को हराकर क्वालीफाइंग दौर पार कर लिया। महिला एकल के क्वालीफाइंग दौर में, अश्मिता चालिहा ने चीनी ताइपे की पाई यू पो को हराकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि आकर्षी कश्यप दक्षिण कोरिया की पार्क गा यून से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।