महासमुंद, 23 मई। छत्तीसगढ़ सरकार की नीति के तहत खनिज साधन विभाग अवैध रेत उत्खनन और उसके परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। विभाग की गतिविधियों में सुधार लाने के लिए टीम पूरी मेहनत के साथ निगरानी और जांच कर रही है। इसी क्रम में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग का संयुक्त दल 23 मई को महासमुंद जिले में आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचा। निरीक्षण के दौरान पिथौरा तहसील के बल्दीडीह गांव में जोंक नदी से 2 चैन माउंटेन मशीनें अवैध रेत खनन में लगी पाई गईं, जबकि 3 हाइवा और 4 ट्रैक्टर रेत का परिवहन करते हुए मिले।
जांच के दौरान संबंधित पक्षों द्वारा स्वीकृत रेत खदान क्षेत्र के बाहर खनन करने, चैन माउंटेन मशीनों का उपयोग करने और हाईवा तथा ट्रैक्टरों से परिवहन के लिए कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखाए गए।
इस कार्रवाई के दौरान अवैध रेत उत्खनन को तुरंत रोक दिया गया। इसके साथ ही 2 मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया, और ये मशीनें खदान मुंशी के पास सुरक्षित रखी गईं। संबंधित खदान संचालक को एक नोटिस भी जारी किया गया है।
इसके अलावा, 3 हाइवा और 4 ट्रैक्टरों को भी जब्त कर पुलिस थाना साकरा के परिसर में रखा गया है।
इससे पहले खनिज विभाग ने मंदिर हसौद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चूना पत्थर खदानों को सील कर दिया था। साथ ही, अवैध परिवहन में संलिप्त 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई ने खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। खनिज विभाग ने दोहराया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्ती से निपटा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खनन से जुड़े लोगों में चिंता की लहर दौड़ गई है।