मध्य प्रदेश: भोपाल में 101 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

मध्य प्रदेश: भोपाल में 101 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

भोपाल, 23 मई। प्रधानमंत्री रोजगार मेले के अंतर्गत पूरे देश में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए गए, जबकि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में 101 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने रेलवे ऑडिटोरियम में इस रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को इस अवसर पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने इस दिन को देश भर के हजारों युवाओं के लिए विशेष महत्व का बताया। सरकारी सेवा में शामिल होने वाले नए लोगों का स्वागत करते हुए उन्होंने रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान की अहमियत को बताया।

भोपाल में हुए स्थानीय कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने 101 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए, जिनमें 77 रेलवे विभाग से और 34 अन्य केंद्रीय विभागों (जैसे बैंकिंग, एयरपोर्ट, ईपीएफओ और डाक विभाग) से संबंधित थे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की रोजगार सृजन में प्रतिबद्धता को उजागर करते हुए कहा कि यह मेला युवाओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव से काम करने की अपील की।

इस कार्यक्रम में नवनियुक्त अभ्यर्थियों और उनके परिवारों ने उत्साह से भाग लिया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि पहले 27 नियुक्ति पत्र मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए, जबकि बाकी के अभ्यर्थियों को विभागीय अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने सौंपे।