Telangana Student Murder Case : तेलंगाना से दिल दहलाने वाली खबर है। एक इंजीनियरिंग छात्रा की मौत को शुरुआती दौर में जहां आत्महत्या समझा जा रहा था, वह साजिश के तहत की गई हत्या निकली। इस वारदात का खुलासा होने के बाद हर कोई हैरान है। 20 वर्षीय थंद्रा अक्षिता रानी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसका 38 वर्षीय नवीन कुमार के प्रेम-प्रसंग चल रहा था। नवीन नासपुर स्थित सिंगरेनी कॉलिरीज पॉलिटेक्निक में आउटसोर्स लेक्चरर है। अक्षिता ने डिप्लोमा के बाद हैदराबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग में डिग्री लेनी शुरू की और अप्रेंटिसशिप के दौरान रवि कुमार से परिचय हुआ तो नवीन से उसकी दूरियां बढ़ने लगीं। नवीन इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था।
कैसे रची गई साजिश?
पुलिस ने मामले को उजागर करने के लिए सीसीटीवी फुटेज, अक्षिता की कॉल रिकॉर्डिंग और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इससे पूरा राज खुला। जानकारी के मुताबिक 12 सितंबर को अक्षिता घर लौट रही थीं, तब नवीन ने एफसीआई क्रॉसरोड के पास उन्हें रोका और अपनी कार में बैठा लिया। उसने अक्षिता से जबरन ऐसा नोट लिखवाया, जिसमें रवि पर यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए गए थे। उसके बाद उसने जबरन अक्षिता को कीटनाशक पिलाया। फिर जानबूझकर अक्षिता के इलाज में देरी की। बाद में अक्षिता के ही मोबाइल से पिता को कॉल कर ऐसा दिखाने की कोशिश की जैसे अक्षिता ने मर्जी से आत्महत्या की।
पुलिस ने तेज की कार्रवाई
बता दें, अक्षिता को 12 सितंबर को गोदावरीखानी सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। वहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सबूतों के आधार पर आरोपी लेक्चरर नवीन कुमार और सिंगरेनी ओवरमैन रवि कुमार को 20 सितंबर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार और मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही कि रवि पर लगाए गए जबरन शारीरिक संबंध के आरोप कितने सही हैं। वैसे, रवि की पत्नी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें फंसाया गया है। सिंगरेनी की आंतरिक जांच में उन्हें क्लीन चिट मिल गई है।