कुमार सानू और उनकी बेटी शैनन का लंदन में भव्य लाइव कॉन्सर्ट, 90 के दशक के गीतों में नया रंग

कुमार सानू और उनकी बेटी शैनन का लंदन में भव्य लाइव कॉन्सर्ट, 90 के दशक के गीतों में नया रंग

मुंबई, 22 मई। जब हम हिंदी फिल्म संगीत के सुनहरे समय की चर्चा करते हैं, तो नामी गायक कुमार सानू का नाम अवश्य आता है। 90 के दशक में अपनी आवाज़ से अनगिनत दिलों पर राज करने वाले सानू आज भी विश्वभर में अत्यधिक लोकप्रिय हैं। उनके रोमांटिक गाने आज भी लोगों की पसंदीदा लिस्ट में शामिल हैं। अब वह अपने प्रशंसकों के लिए एक विशेष संगीत उपहार लेकर आ रहे हैं, जिसमें उनकी बेटी शैनन के. भी उनके साथ मंच साझा करेंगी। दोनों 25 मई 2026 को लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल में एक भव्य लाइव सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने जा रहे हैं। यह कॉन्सर्ट पुराने और नए संगीत का एक खूबसूरत संगम होगा, जिसमें बॉलीवुड के सदाबहार गानों को बड़े लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। यहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के गानों का सम्मिलन देखने को मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि यह इवेंट विभिन्न पीढ़ियों को एकत्रित करने का प्रयास करेगा।

कुमार सानू ने इस कॉन्सर्ट के बारे में अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, ''यह यात्रा मेरे प्रशंसकों की वजह से शुरू हुई। लोग हमेशा मेरी बेटी शैनन के बारे में पूछते हैं और उसके अंग्रेजी गानों की सराहना करते हैं। इसलिए, मैंने और मेरी टीम ने शैनन को इस शो में शामिल करने का निर्णय लिया। शुरुआत में मुझे सिर्फ दो कॉन्सर्ट में भाग लेने के लिए कहा गया ताकि यह समझा जा सके कि दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी होगी।''

सानू ने आगे कहा, ''जब शैनन ने मंच पर अंग्रेजी गानों का प्रदर्शन किया, तब कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका के दर्शकों ने उन्हें बहुत प्यार दिया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि विदेश में रहने वाले लोग हिंदी और अंग्रेजी दोनों प्रकार के संगीत के प्रति जुड़ाव रखते हैं। शैनन के शामिल होने से 90 के दशक के शो में एक नई ताजगी आई।''

उन्होंने यह भी कहा, ''यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मैं ऐसे संगीत यात्रा कर रहा हूं। इस समय में मैंने पुराने दौर के कई यादगार गानों को फिर से मंच पर जीवित किया है। साधना सरगम 90 के दशक की एक बेहद प्रतिभाशाली गायिका हैं, और उनके साथ मंच साझा करना हमेशा मेरे लिए विशेष अनुभव होता है।''

अपनी बेटी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, ''शैनन को पुराने गानों को आधुनिक पॉप स्टाइल में प्रस्तुत करने की अद्भुत क्षमता है। एक पिता के रूप में मुझे उस पर गर्व है, क्योंकि वह न केवल एक बेहतरीन कलाकार है, बल्कि अन्य कलाकारों का भी सम्मान करना जानती है।''

वहीं, शैनन ने इस टूर को अपने करियर का एक महत्वपूर्ण अनुभव मानते हुए कहा, ''मेरे लिए अपने पिता और साधना सरगम जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ मंच साझा करना बड़े सम्मान की बात है। आज सोशल मीडिया, रीमिक्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के कारण नई पीढ़ी फिर से 90 के दशक के बॉलीवुड गानों का आनंद ले रही है।''

साधना सरगम ने भी इस टूर को यादगार बताते हुए कहा, ''कुमार सानू के साथ पुराने गानों को फिर से गाना एक अद्भुत अनुभव रहा। नई पीढ़ी को इन गानों का आनंद लेते देखना बहुत अच्छा लगता है।''

यह कॉन्सर्ट लंदन में रॉक ऑन म्यूजिक द्वारा आयोजित किया जा रहा है।