कोलकाता में रोजगार मेले में 188 युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी के प्रति व्यक्त की गई कृतज्ञता

कोलकाता में रोजगार मेले में 188 युवाओं को नियुक्ति पत्र, पीएम मोदी के प्रति व्यक्त की गई कृतज्ञता

कोलकाता, 23 मई। पूरे देश में शनिवार को 19वां राष्ट्रीय रोजगार मेला सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। सियालदह के डॉ. बी.सी. रॉय ऑडिटोरियम में 188 उम्मीदवारों को उनके नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बताया कि भारत सरकार ने बिना किसी भ्रष्टाचार और पक्षपात के इस 19वें रोजगार मेले का सफल आयोजन किया है। ये नवनियुक्त कर्मयोगी भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवुस्कर ने उल्लेख किया कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार के साथ हमे नए कर्मचारियों की जरूरत है। उन्होंने बताया कि रेलवे के विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं और कुल 188 उम्मीदवारों को इसके लिए चुना गया है।

कोलकाता के कौशिक सिंह ने कहा कि मैं रेलवे के इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट में जूनियर इंजीनियर के तौर पर चयनित हुआ हूं। यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने पूर्व रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया।

नवदीप से ताल्लुक रखने वाले तमाल पाल ने कहा कि मुझे सियालदह मंडल में असिस्टेंट लोको पायलट के लिए चुना गया है। मेरी चयन प्रक्रिया बहुत सुखद रही है।

रेलवे के एसएनटी विभाग में चयनित अजय यादव ने कहा कि मैं रेलवे का धन्यवाद करना चाहता हूं। एएआई में जूनियर एग्जीक्यूटिव के तौर पर चयनित राहुल भगत ने कहा कि रोजगार मेले में चयन से यह स्पष्ट होता है कि कौन किस विभाग में जा रहा है। उनका व्यक्तिगत अनुभव भी बहुत अच्छा रहा है।

एएआई में जूनियर एग्जीक्यूटिव के रूप में चयनित खुशदिल यासीन ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह पहल अभूतपूर्व है। वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।