करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' के नए सीजन का ऐलान हो गया है। करण जौहर ने एक बड़ी अनाउंसमेंट की है, जिसके बाद फैंस को एक साथ कई सारे इमोशंस महसूस होंगे। एक तरफ 'कॉफी विद करण' के नए सीजन की एक्साइटमेंट होगी, तो दूसरी तरफ फैंस कारण की बातें सुनकर भावुक भी होंगे। दरअसल, करण ने 'कॉफी विद करण सीजन 9' के अनाउंसमेंट वीडियो में खुलासा किया है कि ये इस शो का आखिरी सीजन होने वाला है। 

'कॉफी विद करण 9' होगा आखिरी सीजन 

जियो हॉटस्टार ने कुछ देर पहले एक ब्लैक एंड व्हाइट प्रोमो वीडियो शेयर किया है। इसमें करण इस शो से जुड़ी एक अनसुनी कहानी सुनाते हैं। करण बताते हैं कि ये प्रोफेशनल अनाउंसमेंट से ज्यादा इमोशनल मैसेज है। उन्होंने बताया कि जून 2004 में पहली बार करण ने अपने पिता को बताया था कि वो एक टॉक शो होस्ट करना चाहते हैं। वो 2 सेलिब्रिटीज के साथ एक इनफॉर्मल शो करना चाहते थे, जहां वो लोग बिना सोचे-समझे बात करें। तो इसके जवाब में उनके पिता ने कहा था- 'करण तुम अपने दोस्तों को बुलाओगे, बाते करोगे जो तुम रोज करते हो। इसके तुम्हें कौन पैसे देगा।' करण जौहर ने आगे बताया कि उसी महीने उनके पिता का निधन हो गया था। 

16 अगस्त 2004 में पहली बार शूट हुआ था शो 

करण जौहर ने 16 अगस्त 2004 में अगस्त इस शो का पहला शूट किया था और अब इस शो के 8 सीजन आ चुके हैं। ये शो 22 साल से चल रहा है और इसके 161 एपिसोड आ चुके हैं। इस शो में करण ने दोस्तों को, परिवार को, कपल्स को और जिनका ब्रेकअप हो चुका है, उन्हें भी बुलाया। इस शो की वजह से नेशनल आइकन्स के करियर भी खत्म हुए और आज भी करण को नेपोटिज्म शब्द के साथ जीना पड़ रहा है। उनके साथ काफी कुछ हुआ और हर कोई उनसे यही सवाल करता है कि 'कॉफी विद करण' का अगला सीजन कब आएगा? 

'कॉफी विद करण' के अंत का आया समय 

हालांकि, वो इस बात से हैरान होते हैं कि कोई ये क्यों नहीं पूछता कि उनकी अगली फिल्म कब आएगी? लेकिन इस शो ने उन्हें काफी कुछ दिया है, लेकिन जिंदगी के इस पड़ाव पर उन्हें इस बात का एहसास हो गया है कि हर चीज का एक अंत होता है। अब भारी मन के साथ करण ने ये अनाउंस कर दिया है कि ये करण के इस शो का आखिरी सीजन होगा। अब करण ने फैंस से आखिरी बार इस शो से जुड़ने की अपील की है। आपको बता दें, ये आखिरी सीजन 14 अक्टूबर से शुरू होगा। अब इस वीडियो को देखने के बाद फैंस भी मायूस नजर आ रहे हैं।