किसानों ने पीएम मोदी की कृषि उपलब्धियों को सराहा, कहा गौरवमयी क्षण

किसानों ने पीएम मोदी की कृषि उपलब्धियों को सराहा, कहा गौरवमयी क्षण

महासमुंद, 21 मई। खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) का सबसे बड़ा पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ के महासमुंद में संजीवनी धान उत्पादक प्रगतिशील किसान योगेश्वर चंद्राकर ने कहा कि यह भारतीय कृषि के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हम सभी किसान प्रधानमंत्री जी को इस सम्मान के लिए बधाई देते हैं। साथ ही, उन्होंने पीएम से अनुरोध किया कि किसान की आय दोगुनी करने के जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि कृषि उत्पादकता में वृद्धि हो सके और फसलों की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि रासायनिक दवाओं के कारण हमारी फसलें प्रभावित हो रही हैं, इसलिए हमें स्वास्थ्यवर्धक कृषि उत्पाद सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए।

पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले का नाम जरूर होता है। जिस तरह से पीएम मोदी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, यह सराहनीय है।

योगेश्वर ने यह भी बताया कि पीएम को मिले इस सम्मान से सिर्फ भारत को ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व को लाभ हो रहा है और शांति स्थापित करने में भी उनके योगदान की महत्ता है। उनके कार्यों ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है और हम गर्व महसूस करते हैं कि हम एक ऐसे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हैं।

इसके अलावा, महाराष्ट्र स्टेट अनियन प्रोड्यूसर्स फार्मर्स एसोसिएशन के फाउंडर प्रेसिडेंट भारत दिघोले ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के प्याज किसानों की ओर से पीएम मोदी का स्वागत और शुभकामनाएं। राज्य में अंगूर, गन्ना, सोयाबीन, प्याज आदि फसलों की खेती होती है, और इन सभी किसानों की तरफ से पीएम को बधाई दी जाती है।

वास्तव में, प्रधानमंत्री मोदी को रोम में संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के मुख्यालय में साल 2026 के प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनके असाधारण नेतृत्व के लिए दिया गया है, जो खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भारत और वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त है।